जयपुर। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जाए और नशा तस्करी व साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए हर जिले में सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की जाए। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के सभी रेंज आईजी, पुलिस कमिश्नरों और जिला पुलिस अधीक्षकों से विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान की मजबूत आधारशिला कानून-व्यवस्था है और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है। बैठक में उन्होंने धमकी देकर वसूली करने वाले गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और नए आपराधिक कानूनों के तहत अपराधियों की संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टरों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने और उनके बैंक खातों व अन्य वित्तीय लेन-देन पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया। डीजीपी शर्मा ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में नशा तस्करी और नशे के प्रसार को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाएं। साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अपराधियों तक शीघ्र पहुंचने की रणनीति अपनाने को कहा। उन्होंने पुलिस थानों में अनुसंधान कार्य को आधुनिक बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि कानून एवं सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संवेदनशील घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर भी विशेष बल दिया। सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए डीजीपी ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में लेन अनुशासन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वर्षभर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। आगामी नीट परीक्षा के मद्देनजर भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी और जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रदेश के सभी रेंज और जिला स्तर के पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। डीजीपी ने दोहराया कि संगठित अपराध, नशा तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई ही राजस्थान में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation शिक्षा व्यवस्था के विरोध प्रदर्शन में हंगामा: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को जड़े थप्पड़, समर्थकों ने हमलावरों की कर दी पिटाई