24 News Update जयपुर। राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन उस समय हिंसक मोड़ ले बैठा, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर थप्पड़ों से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अभिजीत के समर्थकों ने हमलावर युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और छह युवकों को हिरासत में ले लिया।जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शहीद स्मारक पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही समर्थक उन्हें कंधों पर बैठाकर भीड़ के बीच से मंच की ओर ले जा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने उनके पास पहुंचकर थप्पड़ मार दिए। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।घटना के तुरंत बाद CJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमलावरों को घेर लिया और दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और राकेश गुर्जर, रोहित वैष्णव, अर्जुन पंडित, अजय सहित छह युवकों को हिरासत में लेकर विधायकपुरी थाने पहुंचाया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।हमले के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी और 20 जून को दिल्ली में फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिना जवाबदेही तय हुए आंदोलन समाप्त नहीं होगा।दूसरी ओर, थप्पड़ मारने वाले एक युवक राकेश गुर्जर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उसने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया और अभिजीत पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि पुलिस ने इस मामले में किसी भी पक्ष के दावों की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। प्रदर्शन के दौरान कुछ अन्य युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर भी विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को अलग से हिरासत में लिया। वहीं, कई प्रदर्शनकारियों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी की। आयोजन स्थल से मंच के माध्यम से लोगों से अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में युवा तिरंगा, संविधान की प्रतियां और “पेपर लीक बंद करो” तथा “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” जैसे संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। आयोजन को देखते हुए जयपुर पुलिस, आरएसी और निर्भया स्क्वॉड की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज है। उनका कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation SI पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई: सरगना हर्षवर्धन मीणा का भाई गिरफ्तार, 45 लाख में हुआ था लीक पेपर का सौदा डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का सख्त संदेश: झूठे मुकदमों पर होगी कार्रवाई, गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियां होंगी ध्वस्त