24 News Update. जयपुर। राजधानी जयपुर में मैगी खाने के बाद एक 7 वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। वहीं, उसकी बड़ी बहन की भी तबीयत बिगड़ गई। मां जब घर पहुंची तो दोनों बेटियां कमरे में बेसुध पड़ी थीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छोटी बच्ची को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़ी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। घटना गुरुवार शाम करधनी थाना क्षेत्र के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की है। जानकारी के अनुसार, बच्ची के माता-पिता अपने बीमार बेटे को देखने चौमूं के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल गए हुए थे। घर पर चार बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान बच्चों ने मंगलम सिटी स्थित विकास किराना स्टोर से 60 रुपये का मैगी पैकेट खरीदा था। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे समर ने मैगी बनाकर आधा हिस्सा खाया और बाकी मैगी गैस पर छोड़कर खेलने चला गया। दोपहर करीब 3 बजे 18 वर्षीय दिव्यांशी और 7 वर्षीय पीहू ने मैगी खाई और इसके बाद सो गईं। शाम करीब 5 बजे मां मीना घर लौटीं तो उन्होंने दोनों बेटियों को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर जगाने की कोशिश की तो दिव्यांशी उठते ही उल्टियां करने लगी, जबकि छोटी बेटी पीहू बेसुध रही। परिजन तुरंत दोनों को मंगलम सिटी के पास स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना की सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। करधनी थाना अधिकारी सवाई सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation 8 लाख रुपए डीएलसी मूल्य वाली जमीन का बाजार मूल्य 5.51 करोड़ रुपए पाया, कोर्ट ने राजस्व नुकसान और कालेधन के लेन-देन की आशंका जताई