दीक्षारम्भ समारोह में भारतीय किसान संघ के गजेन्द्र सिंह ने कहा- शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ डिग्री और नौकरी नहीं, जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है; कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने व्यावहारिक ज्ञान पर दिया जोर उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के राजस्थान कृषि महाविद्यालय में शनिवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में दीक्षारम्भ समारोह आयोजित किया गया। कृषि, मत्स्य विज्ञान और सामुदायिक विज्ञान संकाय के करीब 600 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। समारोह में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना या रोजगार पाना नहीं है, बल्कि संस्कारवान, आत्मनिर्भर और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति के महत्व को समझाते हुए ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की श्रेष्ठता उसके विचारों की पवित्रता और कर्मों की उत्कृष्टता से तय होती है। गजेन्द्र सिंह ने ‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी कुछ देना सीखें’ गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। उन्होंने कृषि और संबद्ध विषयों के विद्यार्थियों से अपने ज्ञान का उपयोग किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता का आधार बताया। कुलगुरु ने कहा कि कृषि शिक्षा का वास्तविक महत्व प्रयोगशालाओं और कक्षाओं के साथ खेतों, अनुसंधान और किसानों से सीधे संवाद के जरिए मिलने वाले व्यावहारिक ज्ञान में है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल कृषि, आधुनिक तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान परंपरा की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि दीक्षारम्भ का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति और विद्यार्थी कल्याण सुविधाओं की जानकारी देकर नए वातावरण में सहज बनाना है। कार्यक्रम संयोजक एवं सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर डॉ. कपिल देव आमेटा ने आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. आर.एल. सोनी, डॉ. एम.के. माहला, डॉ. एल.एन. महावर, डॉ. सरला लखावत, डॉ. प्रकाश पंवार और डॉ. राजश्री उपाध्याय सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के निदेशक, विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य मौजूद रहे। समारोह में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि कृषि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि किसान कल्याण, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारी भी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation एमपीयूएटी में पीजी और पीएचडी की रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका, 30 नवंबर तक करें आवेदन गीत-संगीत और भजनों के बीच मना लेक सिटी रेडियो श्रोता संघ का दीपावली मिलन