उदयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात, न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री; अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान उदयपुर। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश से उतर रही ठंडी हवाओं ने राजस्थान में सर्दी की दस्तक को तेज कर दिया है। प्रदेश के उत्तरी जिलों में पहले से महसूस हो रही गलन अब अजमेर, जयपुर, उदयपुर और कोटा संभाग तक पहुंचने लगी है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ रही है। हिल स्टेशन माउंट आबू में रविवार को लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पोलो ग्राउंड में ओस जम गई, जबकि खुले में खड़े वाहनों के शीशों पर भी बर्फ की पतली परत नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। खासकर रात के समय सर्दी का असर और बढ़ने के आसार हैं। उदयपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात उदयपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले 1.9 डिग्री गिरकर 8.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। अधिकतम तापमान भी 0.4 डिग्री गिरकर 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम 10.6 डिग्री था। तापमान में इस गिरावट के साथ शहर में रात की ठंडक बढ़ गई है। माउंट आबू में जमी ओस, सिरोही में भी गिरा पारा माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन पारा जमाव बिंदु पर रहा। सुबह खुले मैदान और वाहनों पर ओस जमने से सर्दी का असर साफ दिखाई दिया। सिरोही में भी शनिवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ठंडी हवा के चलते दोपहर में भी लोगों को सर्दी महसूस हुई। श्रीगंगानगर में बादलों से चार डिग्री गिरा दिन का तापमान पिछले 24 घंटों में उत्तरी राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्के पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहे। धूप कमजोर रहने के कारण श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 26.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। वहीं, प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.6 डिग्री दर्ज हुआ। पाली में 30.4 तथा जोधपुर और जैसलमेर में 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रमुख शहरों में तापमान का हाल जयपुर: अधिकतम 26.6 और न्यूनतम 14.5 डिग्री। उत्तरी हवाओं के चलते दिन में धूप के बावजूद ठंडक रही। अजमेर: अधिकतम 27.6 और न्यूनतम 12.3 डिग्री। सुबह-शाम ठंडी हवा का असर बढ़ा। सीकर: फतेहपुर में अधिकतम 28 और न्यूनतम 5.7 डिग्री। प्रदेश के ठंडे इलाकों में शुमार। अलवर: न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री और अधिकतम 25 से 26 डिग्री के आसपास रहा। जोधपुर: अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 15 डिग्री। सुबह-शाम ठंडक, जबकि दिन में धूप रही। कोटा: अधिकतम 27.1 और न्यूनतम 12.9 डिग्री। बीते दिनों के मुकाबले सुबह-शाम सर्दी बढ़ी। अगले सप्ताह रातों में बढ़ेगी ठिठुरन मौसम के मौजूदा रुख में दिन और रात के तापमान का अंतर सर्दी के बढ़ते असर को दिखा रहा है। दिन में धूप के कारण तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच बना हुआ है, लेकिन रात में पारा तेजी से नीचे आ रहा है। अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने के अनुमान के बीच रातों में ठंड और गलन बढ़ सकती है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation खाली गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक बिजली के खंभे से टकराकर पलटा, राहगीर गंभीर घायल