24 News Update चित्तौड़गढ़। महिलाओं के जेवर लूटने और मंदिरों को निशाना बनाने वाली अंतरराज्यीय गैंग का चित्तौड़गढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी-लूट का माल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में 30 से ज्यादा वारदातें करना कबूल किया है।
एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि 13 अगस्त की रात आछोड़ा गांव में वृद्ध दंपती के घर में 3-4 बदमाश दरवाजा तोड़कर घुसे थे। बदमाशों ने लालूराम और उसकी पत्नी सोहनी बाई को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सोहनी बाई के हाथों से चांदी की चूड़ियां और पैरों के कड़े जबरन उतार लिए। बदमाश लालूराम का मोबाइल और घड़ी भी ले गए।
घटना के बाद जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कालू (40) पुत्र सुखा कालबेलिया निवासी कालीछांट, थाना गंगरार, तेजपाल उर्फ तेजू पुत्र मिठ्ठूलाल कालबेलिया निवासी पारसोली और सुरेश पुत्र प्रभुलाल कालबेलिया निवासी गौराजी का निम्बाहेड़ा, कपासन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पारसोली में वारदात करने के बाद चोरी के गहने एक सुनार को बेचकर फरार होने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों से चोरी-लूट का माल भी बरामद किया गया है। कालू के खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक, जबकि सुरेश के खिलाफ छह से ज्यादा चोरी, लूट और मंदिर चोरी के मामले दर्ज हैं।

महिलाओं को निशाना, मंदिरों से छत्र और दानपात्र तक चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पारसोली के सुखपुरा में महिला के टॉप्स, आछोड़ा में वृद्ध दंपती के चांदी के जेवर, मानपुरा माइंस में महिला के जेवर, बड़ीसादड़ी के बोहेड़ा में महिला के टॉप्स व नथ और चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन से महिला का मांदलिया लूटना कबूल किया। मध्यप्रदेश के रतनगढ़ में सोने का मांदलिया व बिस्कुट तथा सिगोली के झांतला में घर से चांदी के कड़े, पायजेब, कंगन और नकदी चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की है। गैंग ने भीलवाड़ा के लाडपुरा मंदिर से चांदी का छत्र और मूर्ति, मांडलगढ़ के जैन मंदिर से चांदी का छत्र तथा प्रतापगढ़-धरियावद के देवनारायण मंदिर से करीब डेढ़ लाख रुपए और चांदी का छत्र चोरी करना भी कबूल किया। इसके अलावा बडलियास, सवाईपुर, कोटड़ी, गंगरार और सिहपुर क्षेत्र के मंदिरों में दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी की वारदातें भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शंभूपुरा के सिंदवाड़ी, गौराजी निम्बाहेड़ा, राशमी, बकतावरपुरा, बिजौलिया, राशमी के बावलास और विजयपुर के मौतिमगढ़ी में महिलाओं व बुजुर्गों से जेवर लूटने की वारदातें भी स्वीकार की हैं। इसके अलावा मेड़िखेड़ा में सूने मकान, सावा-चौथपुरा चिकसी के पास शराब ठेके और गंगरार में तलवार बेचने वाले की दुकान में चोरी करना भी कबूल किया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रजनीश कुमार, एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), एएसआई नवलराम, कांस्टेबल मनीष, हेमेन्द्र और प्रह्लाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला स्पेशल टीम से पुलिस निरीक्षक जोधाराम (अपराध सहायक), टीम प्रभारी रामावतार, कांस्टेबल सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, रतन, पदम कुमार, जोगेन्द्र, मनीष, पुरखाराम, साहिल, राकेश और मुकेश ने तकनीकी व मैदानी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading