20 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के लिए सियासी जोर-आजमाइश, झाड़ोल में भाजपा प्रत्याशी के हटने से कांग्रेस और निर्दलीय आमने-सामने; मावली में निर्दलीय के समर्थन से वोटों का गणित बदला, सायरा में पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने भरा पर्चा

उदयपुर। जिला परिषद के बाद अब उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर कब्जे के लिए शुक्रवार को सियासी मुकाबला हो रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में कहीं बहुमत के दम पर दल अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं तो कहीं एक-एक वोट ने प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। चुनावी तस्वीर में सबसे पहले वल्लभनगर से नतीजा सामने आया, जहां भाजपा की पूनम मेनारिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। कांग्रेस के पास यहां केवल एक सदस्य होने और प्रस्तावक उपलब्ध नहीं होने के कारण पार्टी प्रत्याशी का नामांकन ही दाखिल नहीं हो सका।

वल्लभनगर उपखंड अधिकारी रमेश चंद्र वडेरा ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूनम मेनारिया के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसके साथ ही जिले की 20 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के बीच भाजपा ने अपना पहला खाता खोल दिया।

झाड़ोल में भाजपा पीछे हटी, कांग्रेस और निर्दलीय के बीच मुकाबला

झाड़ोल पंचायत समिति में चुनाव से पहले ही मुकाबले की तस्वीर बदल गई। भाजपा की आशा देवी कसौटा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब कांग्रेस की राधा देवी और निर्दलीय रेखा देवी मैदान में हैं। यहां कुल 15 वार्डों में कांग्रेस ने 8, भाजपा ने 5 और अन्य ने 2 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में बने रहने से चुनावी दिलचस्पी बढ़ गई है।

मावली में एक निर्दलीय ने बदल दिया पूरा गणित

मावली पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव जिले के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में शामिल हो गया है। भाजपा की ओर से पूरण कंवर ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस की सोनिया जाट निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। यहां भाजपा के पास 10, कांग्रेस के पास 6 और एक सदस्य निर्दलीय है। निर्दलीय सदस्य का समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी को मिलने से उनके पक्ष में 7 वोटों का आंकड़ा बन गया है।

अब मुकाबले का केंद्र भाजपा के 10 सदस्यों में संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर है। कांग्रेस और निर्दलीय खेमे की नजर भाजपा के वोटों में सेंध लगाने पर है, जबकि भाजपा नेताओं ने अपने सदस्यों को एकजुट रखने के प्रयास तेज कर दिए हैं। हालांकि अंतिम तस्वीर मतदान और मतगणना के बाद ही साफ होगी।

सायरा में पूर्व खेल राज्यमंत्री ने खुद संभाली दावेदारी

सायरा पंचायत समिति में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। यहां गहलोत सरकार में खेल राज्यमंत्री रहे डॉ. मांगीलाल गरासिया ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की ओर से सवाराम प्रत्याशी हैं। 15 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस के 13 और भाजपा के 2 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री का चुनाव मैदान में उतरना इस मुकाबले का प्रमुख राजनीतिक घटनाक्रम है।

नयागांव में विधायक के भाई और भाजपा प्रत्याशी आमने-सामने

नयागांव पंचायत समिति में खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार के भाई पन्नालाल परमार ने कांग्रेस की ओर से प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने यहां प्रवीण कुमार डामोर को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के बीच मुकाबला है।

गिर्वा में मेयर ने किया जीत का दावा

गिर्वा पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी रमेश मीणा के समर्थन में उदयपुर नगर निगम के महापौर पारस सिंघवी भी सक्रिय नजर आए। उन्होंने दावा किया कि गिर्वा में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है और रमेश मीणा प्रधान बनेंगे। कांग्रेस की ओर से विवेक कटारा मैदान में हैं।

8 समितियों में कांग्रेस, 9 में भाजपा को बहुमत

जिले की पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 8 समितियों भींडर, झाड़ोल, फलासिया, घासा, ऋषभदेव, सायरा, कुराबड़ और खेरवाड़ा में बहुमत मिला है। वहीं भाजपा 9 समितियों देवला, मावली, गोगुंदा, कोटड़ा, सुलाव, नाई, वल्लभनगर, गिर्वा और बड़गांव में बहुमत की स्थिति में है।

तीन पंचायत समितियों में निर्दलीय और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की भूमिका निर्णायक रहने की संभावना है। ओगणा में निर्दलीय सदस्यों का महत्व है, जबकि कल्याणपुर और नयागांव में बीएपी का समर्थन चुनावी गणित को प्रभावित कर सकता है।

20 पंचायत समितियों में प्रत्याशियों की तस्वीर

पंचायत समितिभाजपाकांग्रेसअन्य
बड़गांवअशोक शर्मापिंकी श्रीमाली—
गिर्वारमेश मीणाविवेक कटारा—
नाईअटली बाई—लोगरी (बीएपी)
मावलीपूरण कंवर—सोनिया जाट (निर्दलीय)
घासासुंदर बाईललित खटीक—
वल्लभनगरपूनम मेनारिया——
भींडरराजकुमारी जैनप्रीतम कुंवर—
कुराबड़लीला बाई मीणामाधु लाल मीणा—
गोगुंदापदमाराम भीलभंवर गमेती—
सायरासवारामडॉ. मांगीलाल गरासिया—
खेरवाड़ाअनिल डोडासुंदर अहारी—
ऋषभदेवमनीषा कुमारी मीणाशारदा देवी—
कल्याणपुर—त्रिपुता कटाराशकुंतला (बीएपी)
नयागांवप्रवीण कुमार डामोरपन्नालाल परमार—
झाड़ोलआशा देवी कसौटा (नाम वापस)राधा देवीरेखा देवी (निर्दलीय)
फलासिया—अनितारेखा देवी (बीएपी)
ओगणाएलासी देवीमधुदेवी—
कोटड़ानाथाराकेश मीणा व राइशा—
देवलाइंद्रा देवीशिल्पा—
सुलावरणमल खेरगौतम प्रकाश बूम्बरिया—

मतदान के तुरंत बाद होगी मतगणना

जिला प्रशासन ने प्रधान चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह 10 बजे से नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद जहां आवश्यकता होगी, वहां मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। पंचायत समिति परिसरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुराबड़ और वल्लभनगर सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading