24 News Update चित्तौड़गढ़, 24 अगस्त। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने मंदिरों में हुई चोरी की लगातार वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मंदिरों में चोरी करने वाले चार आरोपी तथा चोरी का माल खरीदने वाला एक आरोपी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल और मशरूका बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने छोटी सादड़ी और बस्सी थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को खेड़ा जदीद निवासी राधेश्याम धाकड़ ने कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गांव खेड़ा जदीद (नया खेड़ा) स्थित लक्ष्मी नारायण भगवान के मंदिर में पुजारी हीरादास रोजाना की तरह सुबह करीब 4 बजे पूजा करने पहुंचा तो मंदिर का गेट खुला मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर मंदिर से चांदी के छत्र, मुकुट एवं बांसुरी, हनुमानजी की मूर्ति, चांदी का कंदोरा, चांदी के धनुष तथा दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए।इसी रात भेरू खेड़ा स्थित राम लक्ष्मण जानकी मंदिर में भी चोरों ने वारदात की। बदमाश मंदिर के ताले तोड़कर भगवान के चांदी के मुकुट एवं तुलसी चोरी कर ले गए। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ीमामलों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह और पुलिस उप अधीक्षक शिव प्रकाश हरगन के सुपरविजन तथा थानाधिकारी प्रवीण टांक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जिला विशेष टीम के कांस्टेबल रामावतार मय टीम तथा कोतवाली निम्बाहेड़ा से एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हरविन्दर सिंह, कांस्टेबल रणजीत, हेमन्त और प्रमोद को टीम में शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और वारदात के समय से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसी दौरान 5 अगस्त 2026 को चांदखेड़ा स्थित श्री राम जानकी मंदिर में भी इसी तरह चोरी की वारदात होने से पुलिस ने जांच और तेज कर दी। अनुसंधान अधिकारी और जिला विशेष टीम के सदस्यों ने लगातार प्रयास करते हुए वारदातों में शामिल आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम पुत्र मिठ्ठु नाथ कालबेलिया, अमरू उर्फ अर्जुन पुत्र मोहन नाथ कालबेलिया, दोनों निवासी चरल्या ब्राह्मणान, थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा तथा अम्बालाल पुत्र शम्भुलाल कालबेलिया और जितेन्द्र पुत्र साधु कालबेलिया, दोनों निवासी कांटी, थाना गंगरार शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी तक पुलिस पहुंची। चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तारपुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में सुरेश पुत्र शिवनारायण सोनी, निवासी गांधीनगर सेक्टर नंबर-1, चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल और मशरूका बरामद किया है। पुलिस अब बरामद सामान को मंदिरों में हुई वारदातों से जोड़ने के साथ अन्य घटनाओं में इसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र के अलावा छोटी सादड़ी और बस्सी थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी की अन्य वारदातों तथा बरामदगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सोते समय महिलाओं के जेवर उतार ले जाते थे, विरोध पर देते थे जान से मारने की धमकी; 30 से ज्यादा वारदातों का खुलासा