24 News Update विक्टोरिया (सेशेल्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हिंद महासागर द्वीपीय देश सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका औपचारिक स्वागत किया। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और भारतीय समुदाय के लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन का दौरा किया। यहां दोनों नेताओं ने नारियल पानी पिया और पौधारोपण किया। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जीव ‘जोनाथन’ नामक विशाल कछुए से भी मुलाकात की। माना जाता है कि जोनाथन का जन्म वर्ष 1832 में हुआ था और उसकी उम्र करीब 194 वर्ष है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उसे दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जानवर माना है। प्रधानमंत्री ने उसे पत्ते भी खिलाए। उम्रदराज होने के बावजूद जोनाथन अब भी सक्रिय है, हालांकि मोतियाबिंद के कारण उसकी दृष्टि कमजोर हो चुकी है।प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह देश की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे।दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों, हिंद महासागर क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, व्यापार, विकास सहयोग तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।सेशेल्स पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह देश भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर (MAHASAGAR)’ का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। दोनों देशों के संबंध आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और लोगों के गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की इस वर्ष फरवरी में भारत यात्रा के बाद उनका यह दौरा द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देगा और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा समृद्धि के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाएगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पुणे मंगेतर हत्याकांड में नया खुलासा: विग और हकलाने को लेकर था विवाद, पुलिस बोली- शादी से खुश नहीं थी सिया