24 News Update पुणे। कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल हेयर विग का पैच लगाते थे और उन्हें हल्की हकलाहट की समस्या भी थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, मंगेतर सिया गोयल को यह बात पसंद नहीं थी और इसी कारण वह इस रिश्ते से असंतुष्ट थी। पुलिस का दावा है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन केतन सगाई तोड़ने को तैयार नहीं था।केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि सिया और उसके परिवार को पहले से पता था कि केतन विग लगाते हैं। यदि उन्हें यह स्वीकार नहीं था तो शादी से पहले ही मना कर सकते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी की विग लगाना हत्या का कारण हो सकता है।पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया और केतन पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे, जहां केतन खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से एक दिन पहले 17 जून को सिया और चेतन कोंढवा स्थित एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर हत्या की पूरी योजना बनाई गई। पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गए थे। यदि यह योजना भी विफल रहती तो सड़क दुर्घटना का बैकअप प्लान तैयार किया गया था।मामले में एक और महत्वपूर्ण दावा उस व्यक्ति ने किया है, जिसने खाई से केतन का शव निकालने में मदद की थी। उसके अनुसार, हादसे के बाद जहां अन्य लोग घबराए हुए थे, वहीं सिया पूरी तरह शांत दिखाई दी। उसने न रोने की कोशिश की और न ही किसी तरह की घबराहट दिखाई। किले के सुरक्षा गार्ड ने भी बताया कि सूचना मिलने पर सिया ने सिर्फ इतना कहा था कि कोई खाई में गिर गया है।दूसरी ओर, सिया के माता-पिता ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रिया दी। मां पूजा गोयल ने कहा कि यदि उनकी बेटी जांच में दोषी साबित होती है तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सिया इस शादी के लिए तैयार थी और परिवार को उसके किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन और सिया एक-दूसरे से प्रेम करते थे और लोहगढ़ किले पर जाने का प्रस्ताव भी केतन ने ही दिया था।इधर, पुलिस पूछताछ में सिया और चेतन एक-दूसरे को हत्या का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। चेतन का कहना है कि पूरी योजना सिया ने बनाई, जबकि सिया ने हत्या का आइडिया चेतन का बताया है। पुलिस का मानना है कि दोनों अपने बचाव के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों सहित अन्य सबूत जुटाने में लगी हुई है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation रिश्ता ठुकराने पर युवक ने AI से बनाई फर्जी शादी की तस्वीरें, युवती की गोद भराई के कार्ड छपवाकर कॉलोनी में बंटवाए, उदयपुर के युवक पर भोपाल की युवती ने लगाए परेशान करने के आरोप