लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया पोस्टर का विमोचन उदयपुर, 18नवंबर । प्रकृति, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘पैडल टू जंगल’ का दसवां संस्करण 7 से 10 जनवरी 2027 तक उदयपुर में आयोजित किया जाएगा। ग्रीन पीपल सोसाइटी उदयपुर, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ तथा राजस्थान वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन बुधवार को लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया। इस मौके पर मेवाड़ ने कहा कि ‘पैडल टू जंगल’ केवल साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की एक अनूठी पहल है। इस आयोजन के माध्यम से साइकिलिस्ट वन एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और स्थानीय समुदायों को संरक्षण के प्रयासों से जोड़ने का कार्य करेंगे। ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि इस वर्ष साइकिल यात्रा के मार्ग में अमरखजी पैंथर रिजर्व, बगदरा क्रोकोडाइल रिजर्व और जयसमंद वन्यजीव अभयारण्य को शामिल किया गया है। यात्रा के दौरान साइकिलिस्ट वन क्षेत्रों के आसपास स्थित ग्रामीण विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर संवाद करेंगे। साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठकें आयोजित कर वन्यजीवों के संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर चर्चा की जाएगी। आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि साइकिलिस्ट वन क्षेत्र में दो रात्रि विश्राम भी करेंगे। इस दौरान रात्रिकालीन संवाद बैठकों के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों से सीधा जुड़ाव स्थापित किया जाएगा और वन एवं वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के अवसर पर ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर सहित शरद श्रीवास्तव, सुहेल मजबूर, पी.एस. चुंडावत, डॉ. ललित जोशी, एस.के. वशिष्ठ, गौरव द्विवेदी एवं जे.एस. खंगारोत उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Post navigation सावों से पहले ‘सोणा’ हुआ सोना, पांच दिन में चांदी 16450 रूपए और सोने ने लगाया 5000 का गोता विलासिता की कथा ‘अनंता’, शिखर अग्रवाल, पत्नी और परिवार के सदस्यों से जुड़े विला सौदों के साथ अनंता रिसॉर्ट्स संचालित करने वाली गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों के खिलाफ FIR दर्ज