24 News Update पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच के मुताबिक हत्या से 34 मिनट पहले मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी से फोन पर बात की और लोहगढ़ किले के व्यू पॉइंट की सटीक लोकेशन साझा की। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह वारदात पहले से सुनियोजित थी। जांच में सामने आया है कि सिया और केतन की प्रस्तावित बाली प्री-वेडिंग ट्रिप से पहले सिया वहां जाने के पक्ष में नहीं थी। एयरपोर्ट तक छोड़ने वाले कैब चालक वैभव जाधव के अनुसार, सिया और उसके भाई साहिल के बीच पूरे रास्ते बहस होती रही और भाई ने उसे जबरन कार में बैठाकर मुंबई एयरपोर्ट भेजा था। पुलिस के अनुसार आरोपी चेतन चौधरी घटना वाले दिन कार के बजाय स्कूटर से करीब 90 किलोमीटर दूर लोहगढ़ किले तक पहुंचा, ताकि टोल प्लाजा पर उसकी मौजूदगी का कोई रिकॉर्ड न बने। उसने किले पर चढ़ते समय हूडी पहन रखी थी, जिसे ऊपर पहुंचकर उतार दिया और घटना के बाद लौटते समय फिर पहन लिया। पुलिस ने उसका स्कूटर भी जब्त कर लिया है। रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले लेकर पहुंची, जहां केतन का डमी बनाकर पूरे घटनाक्रम का री-क्रिएशन कराया गया। वहीं सिया के वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस हिरासत में दिया गया बयान अदालत में स्वीकार्य साक्ष्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि अदालत में यह सवाल उठाया जाएगा कि पहले इस मामले को दुर्घटना क्यों माना गया और बाद में हत्या का मामला कैसे दर्ज किया गया। उन्होंने सिया की पुलिस रिमांड बढ़ाने का भी विरोध किया। जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने घटना से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के ‘डेथ पॉइंट’, वहां तक पहुंचने के रास्ते और गहरी खाइयों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस का दावा है कि दोनों ने यह भी सर्च किया था कि जहर देकर किसी की हत्या कैसे की जाए ताकि पुलिस को शक न हो। पुलिस ने सिया के माता-पिता और भाई से भी कई घंटों तक पूछताछ की है। जांच के अनुसार केतन की हत्या की साजिश 31 मई को बनाई गई थी। 14 जून को लोहगढ़ किले पर पहली कोशिश में सिया ने कथित तौर पर केतन को धक्का दिया था, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। तब सिया ने सांप से बचाने का बहाना बनाया था। आखिरकार 18 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने केतन को दोबारा किले पर ले जाया गया, जहां पुलिस के अनुसार सिया और चेतन ने मिलकर उसे खाई में धक्का दे दिया। पुलिस ने हत्या के छह दिन के भीतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों एक-दूसरे को वारदात का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। जांच एजेंसी अब डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अदालत में आरोप-पत्र पेश करने की तैयारी कर रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation प्रधानमंत्री मोदी 194 वर्षीय ‘जोनाथन’ कछुए से मिले, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया स्वागत