बनास जन के पंकज मित्र विशेषांक का नई दिल्ली में लोकार्पण24 News Update नई दिल्ली। सुप्रसिद्ध कथाकार पंकज मित्र ने कहा कि तकनीकी विकास और बाज़ार व्यवस्था ने जहां एक ओर कुछ हद तक मुक्ति दी है, वहीं दूसरी ओर एक नई तरह की अन्यायपूर्ण व्यवस्था भी खड़ी की है। मनुष्य की गरिमा और न्यायपूर्ण समाज का सपना अब भी दूर है। मेरा कहानी लेखन इसी दिशा में एक विनम्र प्रयास है कि समाज अधिक मानवीय बन सके।पंकज मित्र पर केंद्रित प्रतिष्ठित लघु पत्रिका बनास जन के विशेषांक का लोकार्पण हरकिशन सिंह सुरजीत भवन में आयोजित सादे समारोह में हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ उपन्यासकार रणेन्द्र, लेखक-अनुवादक दिगम्बर, चर्चित कथाकार कविता तथा अरुण कुमार असफल ने विशेषांक का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पंकज मित्र ने अपने पाठकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हीं के कारण वे निरंतर लेखन में सक्रिय रह पाए हैं।आलोचक-कथाकार राजीव कुमार के संपादन में प्रकाशित इस विशेषांक में लगभग एक दर्जन आलोचकों ने पंकज मित्र की कहानियों का विस्तृत विश्लेषण और मूल्यांकन किया है। अंक में उनके साथियों संजय कुमार कुंदन और राजेश करमहे के संस्मरणों के साथ-साथ एक लंबा साक्षात्कार भी शामिल है। मूलतः झारखंड निवासी पंकज मित्र वर्ष 1996 से कहानी लेखन में सक्रिय हैं और पेशे से भारतीय प्रसारण सेवा के अधिकारी रहे हैं।समारोह को संबोधित करते हुए साहित्यकार रणेन्द्र ने कहा कि हिंदी की लघु पत्रिका परंपरा में बनास जन का विशिष्ट स्थान है और पंकज मित्र पर विशेषांक का प्रकाशन यह दर्शाता है कि हिंदी साहित्य समाज ने गंभीर और जनपक्षधर लेखकों के महत्व को स्वीकार किया है। कथाकार कविता ने पंकज मित्र को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी पीढ़ी के श्रेष्ठ कहानीकारों में गिने जाते रहेंगे।बनास जन के संपादक पल्लव ने पत्रिका की सत्रह वर्षीय यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि पंकज मित्र पर प्रकाशित यह तरासीवां अंक है। चित्तौड़गढ़ से प्रारंभ हुई इस पत्रिका ने अब तक मीरा, नज़ीर अकबराबादी, भीष्म साहनी, नामवर सिंह, फणीश्वरनाथ रेणु, अमरकांत, मृणाल पांडे, स्वयं प्रकाश, असगर वजाहत, ओमप्रकाश वाल्मीकि और अखिलेश सहित अनेक रचनाकारों पर विशेषांक प्रकाशित किए हैं। उन्होंने लघु पत्रिकाओं को भूमंडलीकरण के प्रतिपक्ष में भारतीय संस्कृति और साहित्य की संघर्षशील आवाज़ बताया। कार्यक्रम में कवि-कथाकार श्रीधर करुणानिधि, डॉ. विदित, शोधार्थी जनार्दन सहित अनेक रचनाकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को “उपभोक्ता राष्ट्रीय गौरव सम्मान–2025” हाई डोज निमेसुलाइड पर केंद्र सरकार की सख्ती, 100 mg से अधिक की खाने वाली दवाओं पर तत्काल रोक