24 News Update जयपुर। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब ईंधन की कमी का असर भी सामने आने लगा है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर सप्लाई प्रभावित होने लगी है, जबकि कुछ स्थानों पर डीजल और सामान्य पेट्रोल पूरी तरह खत्म होने की स्थिति बन गई है।
जयपुर के गोपालपुरा बाईपास स्थित इंडियन ऑयल पंप पर डीजल खत्म होने के पोस्टर लगा दिए गए हैं। पंप सुपरवाइजर वीर सिंह के अनुसार पिछले कुछ दिनों से डीजल की सप्लाई लगातार कम हो रही है। उन्होंने बताया कि सीमित स्टॉक के कारण डीजल बिक्री रोकनी पड़ी है और पेट्रोल की बिक्री भी नियंत्रित की जा रही है ताकि मशीनें ड्राई न हों।
रिद्धि-सिद्धि चौराहे स्थित पेट्रोल पंप पर केवल प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि सामान्य पेट्रोल की सप्लाई बेहद कम है और तेल कंपनियों की ओर से प्रीमियम पेट्रोल बेचने का दबाव बढ़ रहा है।
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव शशांक कोरानी ने कहा कि प्रदेशभर में हालात लगातार खराब हो रहे हैं। सप्लाई कम होने के कारण जयपुर के कई पेट्रोल पंप ड्राई होने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि गोपालपुरा, मानसरोवर, कालवाड़ रोड, अजमेर रोड और आगरा रोड क्षेत्र में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल भरवाने के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। चामू क्षेत्र में कई वाहन चालक घंटों लाइन में लगे रहे। किसानों ने चिंता जताई कि यदि समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हुआ तो बारिश के बाद बुवाई प्रभावित हो सकती है।
टोंक में कृषि मंडी क्षेत्र स्थित एचपीसीएल पंप पर डीजल खत्म हो गया, जबकि मशीन खराब होने के कारण पेट्रोल वितरण भी बंद करना पड़ा। जयपुर-कोटा बाईपास स्थित एक अन्य पंप पर भी पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रामबाबू व्यास ने बताया कि शहर के 12 में से 2 पंप ड्राई हो चुके हैं।
उदयपुर जिले के आदिवासी क्षेत्र कोटड़ा में भी पेट्रोल-डीजल संकट गहराने लगा है। कोटड़ा और गुजरात सीमा के नजदीकी क्षेत्रों में दो पंपों पर ईंधन खत्म होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्वती पेट्रोल पंप पर पिछले पांच दिनों से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं है।
हालांकि कोटा में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कोटा पेट्रोल संगठन के अध्यक्ष तरुमित सिंह ने कहा कि शहर के सभी पंपों पर नियमित सप्लाई जारी है। वहीं अजमेर में करीब 40 प्रतिशत स्टॉक उपलब्ध होने की बात कही गई है, लेकिन समय पर सप्लाई नहीं मिलने पर संकट की आशंका जताई गई है। प्रदेशभर में बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के बीच आमजन, किसान और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द नियमित सप्लाई बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading