ग्रीन पीपल सोसायटी के जयपुर चैप्टर ने आयोजित किया दो दिवसीय वन्यजीव शैक्षणिक भ्रमण, प्रकृति की पाठशाला में सीखा वन्यजीव संरक्षण का महत्व

24 News Update जयपुर,18 नवम्बर। किताबों में वन्यजीवों के बारे में पढ़ना और उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में स्वच्छंद विचरण करते देखना, दोनों अनुभवों में बड़ा अंतर है। इसी रोमांचक अनुभव से विद्याश्रम स्कूल, जयपुर के 36 विद्यार्थी रूबरू हुए। ग्रीन पीपल सोसायटी के जयपुर चैप्टर की ओर से 16 एवं 17 नवंबर को विद्यार्थियों के लिए रणथंभौर बाघ परियोजना का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

संयोजक ग्रीन पीपल सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस विक्रम सिंह ने बताया कि विद्यालय की श्रीमती सुमन सिंह एवं स्मिता शेखावत के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों को रणथंभौर के जंगलों में बाघ, भालू (रीछ), मगरमच्छ, चीतल, सांभर, जंगली सुअर और नेवले सहित अनेक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में नजदीक से देखने का अवसर मिला। जंगल में वन्यजीवों की स्वाभाविक गतिविधियों और अठखेलियों को देखकर विद्यार्थी रोमांचित हो उठे। विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को भी उनके प्राकृतिक आवास में देखने का दुर्लभ अनुभव विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
भ्रमण के दौरान फील्ड बायोलॉजिस्ट मोहम्मद मैराज ने विशेष प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों एवं पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवास, भोजन, जीवन चक्र, आबादी और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के पारिस्थितिक महत्व और उनके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका से भी अवगत कराया।
रणथंभौर भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने राजीव गांधी नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम का भी अवलोकन किया। यहां उन्हें प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीवों की दुनिया को और करीब से समझने का अवसर मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण में वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग, सवाई माधोपुर के फील्ड डायरेक्टर श्री एस.पी. सिंह का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। दोनों दिन के भ्रमण कार्यक्रम में ममता साहू ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।

विक्रम सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे प्रकृति के बीच ले जाकर जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading