जयपुर, 04 अक्टूबर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अपने गठन की पहली वर्षगांठ से ठीक पहले बड़ी कामयाबी हासिल की है। चित्तौड़गढ़ पुलिस के ₹25 हजार के इनामी और करीब तीन साल से फरार चल रहे कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर निम्बाराम उर्फ निमाराम को ANTF ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही विशेष बल ने 100वें फरार इनामी अपराधी को पकड़कर गिरफ्तारी की ‘सेंचुरी’ पूरी कर ली।

ANTF का गठन 7 अक्टूबर 2025 को हुआ था और आगामी 7 अक्टूबर को इसके गठन का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। इस उपलब्धि से ठीक पहले हुई कार्रवाई को बल की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ANTF महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और इसके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत लंबे समय से फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रिसॉर्ट से भागा, खेतों में दौड़ा और गवरी की भीड़ में छिप गया

मुखबिर से सूचना मिली थी कि निम्बाराम चित्तौड़गढ़ के जोगणिया माता क्षेत्र स्थित जोगणिया रिसॉर्ट में अपने साथियों के साथ बैठक कर रहा है। वह मध्यप्रदेश से मारवाड़ क्षेत्र में डोडा-पोस्त की बड़ी खेप पहुंचाने की योजना बना रहा था।

सूचना मिलते ही ANTF टीम ने रिसॉर्ट को घेर लिया। पुलिस की बोलेरो को देखते ही निम्बाराम होटल की दीवार फांदकर खेतों की तरफ भाग निकला। टीम ने करीब एक से दो किलोमीटर तक उसका पैदल पीछा किया।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी जोगणिया माता मंदिर परिसर में चल रहे पारंपरिक गवरी नृत्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में जाकर छिप गया। हालांकि ANTF टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए भीड़ के बीच उसकी तलाश जारी रखी और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

जेल में तस्करों के संपर्क में आया

पुलिस के अनुसार निम्बाराम जाट, पुत्र किशनाराम, निवासी पश्चिमी ढाणी जाटावास, थाना लोहावट, जिला फलोदी है। उसने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और ट्रक चलाने लगा था। बाद में लड़ाई-झगड़े के मामले में जेल गया, जहां उसकी मुलाकात बड़े तस्करों से हुई। पुलिस का दावा है कि यहीं से उसने मादक पदार्थों की तस्करी के तौर-तरीके सीखे।

वर्ष 2024 में पारसोली थाना क्षेत्र में बागुंडा बालाजी के पास पुलिस नाकाबंदी के दौरान वह डोडा चूरा से भरी फॉर्च्यूनर छोड़कर जंगल में फरार हो गया था। इसी तरह जावदा-रावतभाटा क्षेत्र से 3 क्विंटल 16 किलो डोडा चूरा से भरी हैरियर लेकर जाते समय कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र में पुलिस घेराबंदी के दौरान गाड़ी छोड़कर भाग निकला था।

पुलिस के मुताबिक फरारी के दौरान भी वह मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रहा।

26 गंभीर मामलों में था वांछित

निम्बाराम के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 के बीच राजस्थान के अलग-अलग जिलों में 26 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के साथ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।

उसके खिलाफ लोहावट, बनाड़, मथानिया, मंडोर, ओसियां, रोहट और चित्तौड़गढ़ समेत कई थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं।

ANTF आईजी विकास कुमार ने बताया कि 7 अक्टूबर को स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पूरी टीम को पुलिस मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या वांछित अपराधियों से संबंधित कोई भी गोपनीय सूचना ANTF कंट्रोल रूम 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading