24 News Update नई दिल्ली। देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट पेपर लीक मामले की जांच अब कोचिंग नेटवर्क तक पहुंच गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो सीबीआई ने सोमवार को महाराष्ट्र के लातूर से बड़े कोचिंग संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया। एजेंसी का दावा है कि वह उस संगठित गिरोह का हिस्सा था, जिसने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी हासिल कर उसे आगे पहुंचाया।

सीबीआई के अनुसार रविवार को की गई तलाशी के दौरान मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से NEET-UG का लीक प्रश्नपत्र बरामद हुआ। इसके बाद एजेंसी ने उसे हिरासत में लेकर देर रात औपचारिक गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इस केस में यह अब तक की 10वीं गिरफ्तारी है।

23 अप्रैल को ही हाथ लग गया था पेपर
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों के नेटवर्क ने परीक्षा से करीब 10 दिन पहले यानी 23 अप्रैल को ही पेपर और आंसर-की हासिल कर ली थी। इसके बाद चुनिंदा छात्रों और अभिभावकों तक इसे मोटी रकम लेकर पहुंचाया गया।

CBI का मानना है कि शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर पेपर लीक को व्यवस्थित तरीके से फैलाने में अहम भूमिका निभाई।

7 जिलों में फैला कोचिंग नेटवर्क, करोड़ों का कारोबार
मोटेगांवकर महाराष्ट्र के कई जिलों में संचालित “रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC)” का संचालक है। लातूर समेत सात जिलों में फैले इस कोचिंग नेटवर्क का सालाना टर्नओवर करीब 100 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। रविवार को CBI ने RCC के मुख्य कार्यालय पर छापा मारकर कई दस्तावेज, कंप्यूटर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। एजेंसी को शक है कि कोचिंग सेंटर में छात्रों को परीक्षा से पहले वही सवाल पढ़ाए गए, जो बाद में असली पेपर में आए। जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि लातूर के कुछ डॉक्टरों और प्रभावशाली लोगों ने भी लीक पेपर खरीदने के लिए पैसे दिए थे।

महाराष्ट्र बना जांच का सबसे बड़ा केंद्र
अब तक गिरफ्तार 10 आरोपियों में सबसे ज्यादा छह आरोपी महाराष्ट्र से हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि पेपर लीक का बड़ा नेटवर्क महाराष्ट्र, खासकर लातूर और पुणे के कोचिंग सर्किट से संचालित हो रहा था।
इससे पहले CBI ने 15 मई को मोटेगांवकर से उसके घर पर करीब आठ घंटे लंबी पूछताछ की थी। उसी दौरान एजेंसी को कई अहम सुराग मिले थे।

पेपर सेटिंग कमेटी तक पहुंची जांच
जांच में सामने आया है कि मनीषा मंधारे NTA की पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़ी हुई थी। CBI का दावा है कि उसे पहले से पता था कि परीक्षा में कौन-कौन से सवाल पूछे जाएंगे।
एजेंसी के मुताबिक मंधारे ने पुणे में परीक्षा से पहले विशेष कोचिंग क्लास चलाई, जहां छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के महत्वपूर्ण सवाल नोट करवाए गए। बाद में यही सवाल परीक्षा में आए।
जांच में मनीषा वाघमारे की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने छात्रों और अभिभावकों से लाखों रुपए लेकर उन्हें इस नेटवर्क से जोड़ा। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वाघमारे ने अपने संपर्कों के जरिए लीक पेपर को और लोगों तक पहुंचाया।
CBI का कहना है कि पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी था, जो कई वर्षों तक NEET पेपर सेटिंग से जुड़े पैनल का हिस्सा रह चुका है। जांच एजेंसी के मुताबिक कुलकर्णी ने अप्रैल के आखिरी सप्ताह में अपने घर पर स्पेशल क्लास लेकर छात्रों को वे सवाल और जवाब बताए थे, जो बाद में परीक्षा में पूछे गए।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
इस पूरे मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से क्यों नहीं हटाया जा रहा।
राहुल गांधी ने कहा कि NEET 2024 के बाद अब NEET 2026 में भी पेपर लीक हुआ, लेकिन हर बार केवल जांच और कमेटियों तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है।

NTA में बड़े प्रशासनिक बदलाव
मामले के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। IRS अधिकारी आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढ़िया को जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अनुजा बापट और रुचिता विज को भी संयुक्त सचिव बनाया गया है।

23 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें करीब 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। NTA के अनुसार 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया। आखिरकार 12 मई को परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading