उदयपुर। राजस्थान में प्रसूताओं की मौतों के बाद अब ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। डिलीवरी के दौरान गर्भवती महिलाओं को लगाए जाने वाले ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के एक बैच को जांच में फेल पाए जाने के बाद उसके उपयोग और बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य महकमे में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है, क्योंकि इसी कंपनी के इंजेक्शन को लेकर पहले से गंभीर सवाल उठ रहे थे।

राज्य औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने सोमवार को बताया कि पंजाब के अमृतसर स्थित मैसर्स जैक्सन लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित TOCIN (ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन 5 एमएल) का सैंपल लैब जांच में मानकों पर खरा नहीं उतरा। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इंजेक्शन में मौजूद ऑक्सीटोसिन कंपोनेंट निर्धारित मात्रा से काफी कम पाया गया। यह वही दवा है, जिसका उपयोग प्रसव पीड़ा शुरू कराने और डिलीवरी के बाद अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के लिए किया जाता है।

इस खुलासे ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि हाल ही में कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं को इसी कंपनी के अलग बैच के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगाए गए थे। वहां पांच महिलाओं की मौत का मामला सामने आने के बाद से पूरे प्रदेश में दवा की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि कोटा में इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन 1 एमएल क्वांटिटी के थे, जबकि अब जिस बैच को प्रतिबंधित किया गया है वह 5 एमएल का है। इसके बावजूद दोनों मामलों का संबंध एक ही कंपनी से होने के कारण विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है।

ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने अब कंपनी की अन्य दवाओं और ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के अलग-अलग बैचों के सैंपल भी जांच के लिए लेने के निर्देश दिए हैं। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं सप्लाई की गई अन्य खेपों में भी गुणवत्ता संबंधी खामियां तो नहीं हैं।

इधर, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कोटा में औषधि नियंत्रण विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यू मेडिकल कॉलेज के ड्रग स्टोर से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। जिन एजेंसियों और सप्लायरों के माध्यम से अस्पताल तक दवा पहुंची थी, वहां भी विभागीय टीमों ने छापामार कार्रवाई की।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऑक्सीटोसिन जैसी संवेदनशील दवा की गुणवत्ता में कमी सीधे प्रसूता और नवजात दोनों की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है। यही वजह है कि अब यह मामला सिर्फ एक दवा की गुणवत्ता तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि सरकारी अस्पतालों में दवा खरीद प्रक्रिया, सप्लाई चेन और मॉनिटरिंग सिस्टम पर भी बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग अब कोटा में हुई प्रसूताओं की मौतों और इंजेक्शन की गुणवत्ता के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रहा है। आने वाले दिनों में लैब रिपोर्ट और विभागीय जांच के आधार पर कंपनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading