जयपुर। डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर महिला डॉक्टर से 24 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। श्याम नगर थाना पुलिस ने इस मामले में एमबीबीएस डिग्रीधारी युवक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह फर्जी दस्तावेजों, किराए के बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए ठगी की रकम को ठिकाने लगा रहा था। डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बाड़मेर निवासी गणेश चौधरी और हसनपुरा निवासी दुष्यंत जांगिड़ शामिल हैं। गणेश चौधरी कजाकिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई कर भारत लौटा था तथा उसने सिरोही के सरकारी अस्पताल में इंटर्नशिप भी की है। पुलिस के अनुसार वह साइबर गिरोह का सक्रिय सदस्य था, जबकि दुष्यंत जांगिड़ बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 डेबिट कार्ड, 12 चेकबुक, 9 पासबुक, 8 सिम कार्ड, 2 रबर स्टाम्प, 5 मोबाइल फोन तथा 1.27 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर पोर्टल पर 100 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह का फरार सरगना सुनील विश्नोई उर्फ कार्तिक भी कजाकिस्तान से एमबीबीएस कर चुका है। वह फर्जी नाम-पते से आधार कार्ड तैयार कर बैंक खाते खुलवाता था और विभिन्न स्थानों पर किरायेदार बनकर पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार करता था। इन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह विदेश में पढ़ाई कर रहे छात्रों के बैंक खातों का भी उपयोग करता था। खातों में नकदी जमा कर यूएसडीटी (टेदर) जैसी क्रिप्टोकरेंसी खरीदी जाती थी, जिससे लेन-देन का पता लगाना कठिन हो जाता था। बाद में क्रिप्टोकरेंसी बेचकर रकम अन्य खातों में स्थानांतरित कर दी जाती थी। मामले की शुरुआत 22 दिसंबर 2025 को दर्ज हुई शिकायत से हुई थी। पीड़ित महिला डॉक्टर ने बताया था कि उन्हें व्हाट्सएप कॉल और संदेशों के जरिए यह कहकर डराया गया कि उनका बैंक खाता साइबर अपराध में इस्तेमाल हुआ है और उनके खिलाफ वारंट जारी हो चुका है। स्वयं तथा परिवार की गिरफ्तारी का भय दिखाकर बदमाशों ने उनसे 24 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए। एसीपी (सोडाला) सुनील प्रसाद शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर पहले गणेश चौधरी को पकड़ा गया, जिसके बाद पूछताछ में मिले सुरागों से दुष्यंत जांगिड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर साइबर ठगी के व्यापक नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजस्थान पुलिस की प्रदेशव्यापी कार्रवाई में 8,448 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर कसा शिकंजा 6 दिन में 50 हजार से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई, राजस्थान पुलिस की ट्रैफिक मुहिम ने तोड़े रिकॉर्ड