24 News Update जयपुर। जयपुर में 1 करोड़ रुपए के लेनदेन के विवाद में एक व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता व्यापारी का शव सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़ी कार में मिला। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

दो दिन से लापता था व्यापारी

मृतक की पहचान हरिशंकर शर्मा (40), निवासी विधानी, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। उनके छोटे भाई प्रहलाद शर्मा ने बताया कि हरिशंकर शनिवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। रविवार दोपहर शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। सोमवार सुबह पुलिस की सूचना पर परिजन महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें हत्या की जानकारी मिली।

1 करोड़ रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद

परिजनों के अनुसार हरिशंकर ने अपने दोस्त सीताराम खोज को बिल्डिंग मटेरियल और अन्य कारोबार के लिए करीब 1 करोड़ रुपए उधार दिए थे। पैसे लौटाने के बजाय आरोपी ने एक प्लॉट देने की बात कही थी। लंबे समय से हरिशंकर अपने रुपए वापस मांग रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि शनिवार शाम दोनों आरोपी के बाड़े पर मिले थे। साथ चाय पीने के दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया। गाली-गलौज के बीच हरिशंकर ने आरोपी की उंगली काट ली, जिसके बाद गुस्से में सीताराम ने उनके प्राइवेट पार्ट पर लात मारी। हरिशंकर गिर पड़े और उनका सिर दरवाजे की चौखट से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को चारे के ढेर में छिपाया

हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर पर चारे के ढेर में छिपा दिया। रविवार को वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में लगा रहा। उसने एक परिचित से कार मांगी और शव को कट्टों में भरकर रस्सियों से बांध दिया। रविवार देर रात तक वह शव को ठिकाने लगाने के लिए घूमता रहा, लेकिन सफल नहीं हो पाया और वापस घर लौट आया।

दोस्त ने पुलिस को दी सूचना

सोमवार सुबह आरोपी फिर शव को ठिकाने लगाने निकला और मदद के लिए अपने एक दोस्त को बुलाया। जब दोस्त को कार में शव होने का पता चला तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। इस दौरान आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में ले लिया।

नाले में फेंकने की थी योजना

चाकसू एसीपी भवानी सिंह ने बताया कि आरोपी सुबह करीब 6:30 बजे बॉम्बे हॉस्पिटल के पास बहने वाले नाले में शव फेंकने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार से शव बरामद किया।

शव पर मिले गंभीर चोट के निशान

पुलिस के अनुसार शव को कट्टों में बांधकर रखा गया था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।हरिशंकर के परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading