जयपुर, 14 जून। राजस्थान में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने रविवार को एक ही दिन में छह बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर तस्करी के नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान करीब 92 लाख रुपये मूल्य का डोडा चूरा, गांजा, स्मैक और अफीम बरामद की गई। कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन वाहनों को जब्त किया गया।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, 139 गांजे के पौधे, स्मैक और अफीम जब्त की गई है। उनका कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार सघन अभियान जारी रहेंगे।

भीलवाड़ा में गैस कटर से खुला ट्रक का राज, गुप्त चैंबर से निकला 517 किलो डोडा चूरा

सबसे बड़ी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र में हुई, जहां सूचना के आधार पर कोठारी नदी पुलिया के पास एक ट्रक की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे रोक लिया गया। पहली नजर में ट्रक खाली दिखाई दिया, लेकिन गहन जांच में चेसिस, बॉडी और फर्श के बीच बनाए गए गुप्त चैंबरों का पता चला।

लोहे की वेल्डिंग से पूरी तरह बंद इन चैंबरों को गैस कटर की मदद से काटा गया, जहां से 517.07 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी प्रकाश जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह मारवाड़ तक खेप पहुंचाने के लिए प्रति चक्कर 20 हजार रुपये लेता था और पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट पर टेप लगा रखा था।

करौली में बगीचे के भीतर उगाई जा रही थी गांजे की फसल

हिण्डौन सिटी क्षेत्र में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बयाना रोड स्थित एक बगीची पर छापा मारा। राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में पैमाइश कराने पर 0.23 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती मिली। मौके से 139 हरे पौधे, जिनका कुल वजन 26.215 किलोग्राम था, जब्त किए गए। जमीन मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चौहटन के टी कैफे में चाय नहीं, बिक रहा था नशा

बाड़मेर के चौहटन स्थित विरात्रा तिराहे पर संचालित मारवाड़ टी एंड कैफे पर दबिश के दौरान पुलिस ने 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा, 75 ग्राम विनिर्मित अफीम और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 3,600 रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक कालूराम उर्फ खुमाराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया।

उदयपुर में स्कूटी की डिग्गी से मिला गांजा

उदयपुर-सलूम्बर मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रोकने का प्रयास किया। दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी से 483.9 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में नवाजिश खान और संजय लोहार को गिरफ्तार किया गया।

कपड़ों की दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार

बाड़मेर के धनाऊ कस्बे में रमेश वस्त्र भंडार पर छापेमारी के दौरान 448 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में नशे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने दुकान संचालक थानसिंह उर्फ थानाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं।

नागौर में बिना नंबर की बोलेरो से हो रही थी स्मैक की सप्लाई

नागौर के गोगेलाव गांव में बिना नंबर की बोलेरो में स्मैक बेचने की सूचना पर एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे दबोच लिया गया। वाहन की तलाशी में सात ग्राम स्मैक बरामद हुई और बोलेरो को जब्त कर आरोपी नाथूराम जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष मई में भी उसे एएनटीएफ ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था।

जांबाज टीमों को मिलेगा सम्मान

आईजी विकास कुमार ने अभियान में शामिल भीलवाड़ा, हिण्डौन सिटी, चौहटन, धनाऊ, सविना और नागौर सदर थाना पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस विशेष ऑपरेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

जनता से सहयोग की अपील

एएनटीएफ ने आम नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो वह नियंत्रण कक्ष के फोन 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर सूचना दे सकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्रदेशभर में एक ही दिन में हुई इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एएनटीएफ अब और अधिक आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतर चुकी है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading