24 News Update सावर. सावर उपखंड क्षेत्र के ग्राम पिपलाज में बाबा रामदेव जी की पूर्णाहुति को लेकर आयोजित रेगर समाज के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान विवाद और हंगामे का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया तथा मंगलवार को बड़ी संख्या में समाजजन सावर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे।जानकारी के अनुसार पिपलाज गांव में 23 से 25 मई 2026 तक रेगर समाज द्वारा धार्मिक आयोजन एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में दूर-दराज से समाजजन, श्रद्धालु और अतिथि शामिल हुए। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम भोजन प्रसादी के बाद कैटरिंग कार्य में लगे कुछ युवक अपने घर लौट रहे थे, तभी गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने युवकों से उनकी जाति पूछी और रेगर समाज से होने की जानकारी मिलने पर कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं। आरोप है कि इसके बाद युवकों के साथ मारपीट की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई युवक जान बचाकर भागे।समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ आरोपियों ने धार्मिक आयोजन स्थल के आसपास माहौल खराब करने का प्रयास किया तथा आगजनी जैसी घटना को भी अंजाम दिया। घटना के बाद आयोजन स्थल पर भय और आक्रोश का माहौल बन गया।मामले में मनजीत सिंह पुत्र कान सिंह राजपूत, राहुल पुत्र लालाराम तेली, लोकेश पुत्र देवकरण कुमावत, गोविंद पुत्र शैतान सिंह दरोगा, अंकित पुत्र राजकुमार प्रजापत तथा परमेश्वर पुत्र रामस्वरूप कुमावत निवासी पिपलाज के खिलाफ नामजद आरोप लगाए गए हैं।घटना के विरोध में शिवराज रेगर, ओमप्रकाश कांसोटिया, रामपाल रेगर, गोपाल रेगर, रतन रेगर सहित बड़ी संख्या में समाजजन सावर थाने पहुंचे और थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर एससी-एसटी एक्ट सहित सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।इधर, डॉ. भीमराव अंबेडकर संघर्ष समिति के अध्यक्ष घनश्याम पवांर, पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश कांसोटिया संरक्षक सूरज करण मालावत, विनोद पवांर कालू राम रैगर,भी थाने पहुंचे और दलित समाज के धार्मिक आयोजन में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।पुलिस ने मामले में शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation नामांतरण खोलने के बदले रिश्वत मांगना पड़ा भारी, ACB ने पटवारी को रंगे हाथों दबोचा