उदयपुर। उदयपुर समेत पूरे राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। रविवार को हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद उदयपुर में पेट्रोल 113.49 रुपए प्रति लीटर और डीजल 98.52 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब परिवहन, पर्यटन, खेती और घरेलू बजट पर साफ दिखाई देने लगा है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार इस बार उदयपुर में पेट्रोल 2.83 रुपए और डीजल 2.72 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। जयपुर में पेट्रोल 112.66 और डीजल 97.78 रुपए प्रति लीटर हो गया है। सीकर में पेट्रोल 113.59 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जबकि कोटा, अजमेर और जोधपुर में भी पेट्रोल 112 रुपए प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है। इस महीने 15 मई से शुरू हुई बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। 15 मई को पेट्रोल-डीजल में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे, 23 मई को 87 से 91 पैसे और अब 25 मई को फिर 2.61 से 2.71 रुपए तक दाम बढ़ा दिए गए हैं। यानी महज 10 दिनों में चार बार कीमतें बढ़ चुकी हैं। उदयपुर में बढ़ती कीमतों का असर पर्यटन और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ने लगा है। टैक्सी और ऑटो संचालकों ने किराया बढ़ाने के संकेत दिए हैं। वहीं डीजल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ने की संभावना है, जिससे सब्जियां, फल और राशन जैसी जरूरी वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी मुख्य वजह है। ईरान-अमेरिका तनाव के चलते क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। तेल कंपनियों का कहना है कि बढ़ती आयात लागत के कारण कीमतों में संशोधन करना पड़ा है। विपक्ष ने लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर राज्य सरकार से वैट घटाने की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई से आम जनता और व्यापार जगत दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सिंधु संस्कृति गौरव यात्रा में उमड़ा समाज, भाषा-संस्कार संरक्षण का लिया संकल्प ज्ञान मंदिर समिति के हीरक जयंती समारोह की तैयारियां तेज, संयुक्त बैठक में बनी रूपरेखा