उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में आयोजित “सिंधु संस्कृति गौरव यात्रा 2026” सिंधी समाज की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकजुटता और मातृभाषा संरक्षण का भव्य प्रतीक बनकर उभरी। भारतीय सिंधु सभा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। समारोह में सिंधी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान झूलेलाल साईं और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में वक्ताओं ने सिंधी भाषा के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार से सिंधी केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेन्द्र कुमार तीर्थाणी ने कहा कि 14 अगस्त विभाजन की पीड़ा और विस्थापन की स्मृतियों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सिंध एक दिन पुनः अखंड भारत का हिस्सा बनेगा। उन्होंने सिंधी भाषा, साहित्य और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में “सिन्धी अबाड़ी बोली” और पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। रमा शिव्याणी ने मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। वहीं प्रदेश संरक्षक मोहन लाल वाधवाणी ने आगामी 3 और 4 अक्टूबर को जयपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय पंचायत मुखी सम्मेलन की घोषणा की, जिसमें प्रदेशभर से 500 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना जताई गई। समाज के प्रतिभावानों का सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया। डॉ. प्रदीप गेहानी को शिक्षा और योग के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। गिरधारी लाल ज्ञानाणी को बाल संस्कार शिविरों के माध्यम से बच्चों को संस्कृति से जोड़ने के लिए सम्मान मिला। ईश्वरलाल मोरवाणी को सिंधु गौरव यात्रा एवं सांस्कृतिक तीर्थ स्थलों के विकास में सहयोग हेतु सम्मानित किया गया। विष्णुदेव सामताणी को सामाजिक सुरक्षा और वंचित वर्गों की सेवा के लिए सम्मान मिला। डॉ. मनोहर लाल कालरा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर झूलेलाल सेवा समिति के अध्यक्ष प्रतापरॉय चुग, महासचिव मनोज कटारिया, बिलोचिस्तान पंचायत के नानकराम कस्तूरी, पूज्य शिकारपुर पंचायत के सुनील शिकारपुरी, लक्ष्मण दास बजाज, सुखराम बालचंदानी, सब्जी मंडी अध्यक्ष मुकेश खिलवानी तथा टेकरी पंचायत के प्रेम तलरेजा सहित कई पदाधिकारियों का उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। सिंध दर्शन यात्रियों का भव्य स्वागत सिंध दर्शन तीर्थयात्रा से लौटे यात्रियों का विजय आहूजा के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कटारिया और प्रकाश फुलानी ने किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सिंधी संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाने तथा डिजिटल माध्यम से समाज को संगठित करने पर भी चर्चा हुई। क्यूआर कोड आधारित सिंधी परिवारों की डिजिटल डायरेक्टरी बनाने की पहल की सराहना की गई। अंत में गुरमुख कस्तूरी ने बताया कि परम पूज्य हजूरी रूप सांई साधराम साहेब जी के ब्रह्मलीन होने पर समाज की ओर से श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सायरा थाना पुलिस का खुलासा: ट्रांसफार्मर तोड़कर कॉपर वायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार 10 दिन में चौथी बार बढ़े ‘पेट—रोल’ के दाम, उदयपुर में अबकी बार, पेट्रोल 113 रुपए पार