वार्ड 17 में पार्षद डॉ. पूनम कुंवर राठौड़ के कार्यालय और जनसुनवाई केंद्र का उद्घाटन, हारे प्रत्याशियों को भी जनता के बीच सक्रिय रहने की नसीहत उदयपुर। चुनाव जीतने के बाद जनता से दूरी बनाने के बजाय उसके बीच रहकर समस्याओं का समाधान करना ही जनप्रतिनिधि की असली जिम्मेदारी है। पार्षद का पद केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है। यह बात उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने रविवार को वार्ड 17 की नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. पूनम कुंवर राठौड़ के कार्यालय एवं जनसुनवाई केंद्र के उद्घाटन समारोह में कही। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में राठौड़ ने पूजा-अर्चना के साथ कार्यालय का उद्घाटन किया। पंडित उमेश व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाया। राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक पार्षद को अपने वार्ड में स्थायी कार्यालय और जनसुनवाई केंद्र स्थापित करना चाहिए, ताकि लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़े। उन्होंने कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों से नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर जनता की शिकायतें सुनने और उनके समयबद्ध समाधान का प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव में पराजित कांग्रेस प्रत्याशियों को भी सक्रिय रहने की नसीहत देते हुए कहा कि हार के बाद निष्क्रिय होने के बजाय उन्हें अपने क्षेत्रों में कार्यालय खोलकर जनसेवा जारी रखनी चाहिए। कांग्रेस के हाथ के निशान पर चुनाव लड़ने वाला हर प्रत्याशी पार्टी परिवार का हिस्सा है। ऐसे प्रत्याशियों के क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान में निर्वाचित पार्षद भी सहयोग करेंगे। राठौड़ ने हाल ही में संपन्न पंचायत राज चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ का परिणाम ग्रामीण चुनावों में दिखाई दिया है। उन्होंने जिले की जनता का समर्थन और विश्वास जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दलपत सिंह चुंडावत, महामंत्री दिनेश कुमार दवे, प्रवक्ता शिवशंकर मेनारिया, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. गिरधारी लाल शर्मा, दीपक श्रीमाली, सुनील सनाढ्य, कुलदीप सेन, संजय संतवानी, कमल सिंह तंवर, अशोक छापरवाल, कन्हैयालाल माली, विजय भटनागर, लोकेश सेन, सन्नु खान और जिमी भारद्वाज सहित वार्ड की महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation खेरोदा में पावन परिवर्तन चातुर्मास का समापन, भामाशाहों और पत्रकारों का किया सम्मान बांसुरी की मधुर तान और तबले की थाप पर सजी ‘औदीच्य सुरभि’ की शाम