उदयपुर, 06 अक्टूबर। उदयपुर जिले के भींडर क्षेत्र में मंगलवार सुबह सरकारी स्कूल की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। वाणियातलाई ग्राम पंचायत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारदा में हादसे के समय कक्षा-कक्ष में 32 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। मलबे की चपेट में आने से तीन बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि दो अन्य बच्चे भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ, जब कमरे में कक्षा 1, 2 और 3 के बच्चे पढ़ रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे आ गिरा। इससे बच्चों में चीख-पुकार मच गई और स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तीन बच्चों के सिर में लगी गंभीर चोट हादसे में छात्र गणेश लाल, कार्तिक और भेरुलाल के सिर में चोटें आई हैं। घायल बच्चों को तत्काल भींडर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार और पट्टी की गई। उपचार के बाद बच्चों को घर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। दो अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है और इसकी स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग तथा प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में दो कमरे और एक बरामदा है और इनकी हालत भी खराब बताई जा रही है। उनका कहना है कि यदि प्लास्टर की जगह पूरी छत गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने इसे झालावाड़ में हुए सरकारी स्कूल के हादसे जैसी गंभीर स्थिति बनने से बाल-बाल बचना बताया। सीबीईओ मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलने के बाद सीबीईओ भींडर राजेंद्र कुमार चौबीसा मौके पर पहुंचे और स्कूल में घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। फिलहाल घटना के बाद अभिभावक स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने जर्जर भवन की तत्काल जांच कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पर्यटन को नई दिशा देने के लिए उदयपुर का बने समग्र मास्टर प्लान, पार्किंग और नए टूरिस्ट स्पॉट विकसित करने की मांग