रात्रिकालीन फूड कोर्ट से लेकर नाथद्वारा तक सिटी बस चलाने का सुझाव, राजीव गांधी पार्क को विश्वस्तरीय उद्यान बनाने पर जोर उदयपुर, 06 अक्टूबर। उदयपुर में बढ़ते पर्यटन दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शहर के लिए समग्र पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने की मांग उठी है। होटल एसोसिएशन उदयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पर्यटन विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुमिता सरोच से मुलाकात कर पर्यटन विकास, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़े कई सुझाव रखे। एसोसिएशन ने कहा कि उदयपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के लिए विकास की योजनाएं दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए। होटल एसोसिएशन के सचिव विकास पोरवाल ने बताया कि अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर के लिए एक व्यापक पर्यटन मास्टर प्लान बनाने की मांग की। इसमें पर्यटन स्थलों के विकास के साथ सड़क, यातायात, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी योजना का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। एसोसिएशन का कहना है कि शहर में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में पर्यटन स्थलों के साथ सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। नए पर्यटन स्थल और एडवेंचर जोन विकसित करने पर जोर प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर शहर के आसपास नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने और एडवेंचर जोन तैयार करने का सुझाव दिया। एसोसिएशन के अनुसार एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से पर्यटकों के लिए नए आकर्षण तैयार होंगे और उदयपुर में उनके ठहराव की अवधि भी बढ़ सकती है। राजीव गांधी पार्क के विकास का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने सुझाव दिया कि इसे विश्वस्तरीय उद्यान के रूप में विकसित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा नेहरू गार्डन के किए गए नवीनीकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी तर्ज पर राजीव गांधी पार्क को विकसित किया जाए तो यह शहर का नया पर्यटन आकर्षण बन सकता है। रात में भी गुलजार हो पर्यटन, फूड कोर्ट की मांग शहर में रात्रिकालीन फूड कोर्ट विकसित करने का सुझाव भी दिया गया। एसोसिएशन का कहना है कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शाम के बाद खान-पान के साथ मनोरंजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ऐसा स्थान विकसित किया जाना चाहिए। इससे शहर की नाइट टूरिज्म गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने और पुराने शौचालयों की स्थिति सुधारने की मांग की गई। मुख्य बाजार क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर राजस्थान की मजबूत ब्रांडिंग होटल एसोसिएशन ने राजस्थान के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को आधुनिक माध्यमों से और व्यापक बनाने का सुझाव दिया। इसके लिए सोशल मीडिया, ट्रैवल ब्लॉगर्स, डिजिटल क्रिएटर्स और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए राजस्थान के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग बढ़ाने की बात कही गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से देश-विदेश के पर्यटकों तक उदयपुर और राजस्थान के पर्यटन स्थलों की पहुंच बढ़ाई जा सकती है। एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बढ़ाने और नाथद्वारा तक बस सेवा की मांग प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर शहर और डबोक एयरपोर्ट के बीच संचालित सिटी बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की। होटल एसोसिएशन के अनुसार एयरपोर्ट से शहर तक सुगम और पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा पर्यटकों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। वहीं, नगर निगम की इलेक्ट्रिक बस सेवा के एकलिंगजी तक विस्तार का स्वागत करते हुए इसे नाथद्वारा तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया। एसोसिएशन ने कहा कि उदयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर तक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने से दोनों पर्यटन स्थलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। ज्वाइंट डायरेक्टर सुमिता सरोच ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर सकारात्मक रुख जताया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने पार्किंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन से जुड़े अन्य विषयों पर उचित स्तर पर विचार किए जाने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में होटल एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष उषा शर्मा, सचिव विकास पोरवाल, अजय सिंह बोहेड़ा, मनीष गलुंडिया, सुदर्शन देव सिंह कारोही सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation दाऊदी बोहरा जमात की सालाना AGM सम्पन्न, सामाजिक विकास और शिक्षा-खेल पर हुई चर्चा भींडर के सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा टला: 32 बच्चों के बीच गिरा छत का प्लास्टर, 3 मासूम घायल