24 News Update नई दिल्ली। ईरान ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान कर दिया है। ईरान की जॉइंट मिलिट्री कमांड ने सरकारी टीवी के जरिए इसकी घोषणा की। ईरान ने इसके पीछे लेबनान में जारी इजराइली हमलों को वजह बताया है। यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के कुछ दिन बाद सामने आया है। 17 जून की रात हुए समझौते में होर्मुज स्ट्रेट खोलने और लेबनान में हमले रोकने जैसी शर्तें शामिल थीं। ईरान का आरोप है कि समझौते के बावजूद इजराइल ने लेबनान में सैन्य कार्रवाई जारी रखी।
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पहल पर 19 जून की रात इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर का ऐलान किया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दोनों पक्षों के बीच फिर संघर्ष शुरू हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीजफायर के करीब 8 घंटे बाद इजराइली सेना ने नबातिया इलाके में ड्रोन और तोपों से हमला किया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हुई। वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में हुए हमलों में 47 लोगों की मौत और 97 लोग घायल हुए हैं।

होर्मुज स्ट्रेट क्यों है अहम?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। खाड़ी देशों से निकलने वाला बड़ी मात्रा में तेल और गैस इसी मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में ईरान का इसे बंद करने का फैसला वैश्विक ऊर्जा बाजार और तेल कीमतों पर असर डाल सकता है। अमेरिका-ईरान समझौते के बाद 18 जून को 25 व्यापारिक जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे थे। हालांकि अभी भी सैकड़ों जहाज और हजारों नाविक खाड़ी क्षेत्र में फंसे होने की जानकारी सामने आई है।

ईरान-अमेरिका वार्ता पर भी असर
अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में प्रस्तावित पहली औपचारिक वार्ता टल गई थी। दोनों देशों के बीच लेबनान में इजराइली कार्रवाई को लेकर मतभेद बने हुए हैं। हालांकि अब ईरान का वार्ता दल फिर से बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड रवाना होने की तैयारी में है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के शामिल होने की खबर है।

ट्रम्प बोले- ईरान को पैसा नहीं मिलेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका मजबूरी में बातचीत की मेज पर नहीं आया है, बल्कि ईरान खुद बातचीत के लिए आगे आया है। उन्होंने कहा कि अगले 60 दिनों तक ईरान को अमेरिका से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी। वहीं दूसरी ओर रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका और कतर ईरान के लिए मानवीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फ्रीज फंड जारी करने की योजना पर काम कर रहे हैं। इसमें करीब 6 अरब डॉलर तक की राशि उपलब्ध कराने की संभावना जताई गई है।

नेतन्याहू का बयान
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि गाजा और लेबनान में इजराइली सैन्य अभियान जारी रहेंगे। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के बाद अब दुनिया की नजर अमेरिका-ईरान वार्ता और मध्य-पूर्व में आगे की स्थिति पर बनी हुई है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading