चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समितियों में भाजपा के बोर्ड बनने के बाद विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने अपनी मन्नत पूरी की। शनिवार रात वे प्रधान भंवर सिंह खरडीबावड़ी, नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ करीब 47 किलोमीटर पैदल चलकर मंडफिया स्थित भगवान सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचे। यहां विधायक ने भगवान के दर्शन कर दंडवत प्रणाम किया। वहीं, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के नवनिर्वाचित प्रधान भंवर सिंह खरडीबावड़ी ने आधा किलो चांदी से बना कमल का फूल भगवान को अर्पित किया। इसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। विधायक आक्या और भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव से पहले संकल्प लिया था कि चित्तौड़गढ़ और भदेसर दोनों पंचायत समितियों में भाजपा का बोर्ड बनने पर पैदल यात्रा कर सांवलिया सेठ के दर्शन करेंगे। दोनों जगह भाजपा को सफलता मिलने के बाद शनिवार को कीर्ति प्लाजा से यात्रा शुरू हुई। कार्यकर्ता जयकारे लगाते हुए रात करीब 11 बजे मंदिर पहुंचे। रास्ते में कई गांवों और कस्बों में यात्रा का स्वागत हुआ। नरबदिया गांव में जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई। कई जगह आतिशबाजी और स्वागत कार्यक्रम भी हुए। 14-14 सीटों पर बराबरी के बाद RLP के समर्थन से बने प्रधान चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को 14-14 सीटें मिली थीं, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में गई। वार्ड संख्या 17 से भाजपा के टिकट पर जीतने वाले भंवर सिंह खरडीबावड़ी को RLP की शंकरी बाई का समर्थन मिला और वे प्रधान निर्वाचित हुए। प्रधान बनने के बाद उन्होंने सांवलिया सेठ को चांदी का कमल चढ़ाने की मन्नत पूरी की। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार आधा किलो चांदी से बने इस कमल की कीमत करीब 80 हजार रुपए है। विधायक ने कहा- कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम मंदिर पहुंचने पर ओसरा पुजारी ने विधायक आक्या का उपरना ओढ़ाकर और प्रसाद देकर सम्मान किया। विधायक ने कहा कि दोनों पंचायत समितियों में भाजपा का बोर्ड बनना कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम है। चुनाव से पहले लिया गया संकल्प पूरा करने के लिए सभी पैदल चलकर सांवलिया सेठ के दरबार पहुंचे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित प्रदेश नेतृत्व का भी आभार जताया। जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड, विधायक की पत्नी भी सदस्य चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की दोनों पंचायत समितियों में भाजपा ने बोर्ड बनाया, लेकिन जिला परिषद में कांग्रेस बहुमत हासिल करने में सफल रही। जिला परिषद के वार्ड संख्या 16 से विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर भी सदस्य चुनी गईं। इस तरह पंचायत समिति चुनाव में विधानसभा क्षेत्र के भीतर भाजपा को सफलता मिली, जबकि जिला परिषद की सत्ता कांग्रेस के पास गई। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation कांग्रेस के 6, भाजपा के 4 प्रधान, भैंसरोड़गढ़ में निर्दलीय का कब्जा, चित्तौड़गढ़ की हॉट सीट पर आक्या ने RLP की शंकरी बाई के एक वोट से लगाई जीत की हैट्रिक