चित्तौड़गढ़, 27 नवंबर। जिले की 11 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव ने ग्रामीण राजनीति के नए समीकरण सामने रख दिए। कांग्रेस ने जिले में स्पष्ट बढ़त बनाई थी, लेकिन प्रधान की कुर्सी तक पहुंचते-पहुंचते तस्वीर बदल गई। कांग्रेस ने बहुमत कायम रखा तो कहीं भाजपा ने कम संख्या के बावजूद राजनीतिक जोड़-तोड़ और रणनीति से बाजी मार ली। भैंसरोड़गढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी ने दोनों दलों को पीछे छोड़ दिया। कुल मिलाकर छह पंचायत समितियों में कांग्रेस, चार में भाजपा और एक में निर्दलीय प्रधान निर्वाचित हुआ। जिले के चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की रही, जहां 14-14 सदस्यों की बराबरी के बीच आरएलपी की एक सदस्य का वोट भाजपा की जीत का आधार बन गया। चित्तौड़गढ़ में भाजपा के भंवर सिंह खरड़ीबावड़ी ने कांग्रेस के चरण सिंह जाट को एक वोट से हराया। भाजपा और कांग्रेस के पास 14-14 सदस्य थे, जबकि आरएलपी की शंकरी बाई अकेली सदस्य थीं। उनका वोट भाजपा के पक्ष में गया और नतीजा 15-14 रहा। जीत के साथ भाजपा ने चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में लगातार तीसरी बार बोर्ड बनाने की हैट्रिक पूरी की। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के विधायक बनने के बाद से यहां भाजपा का ही प्रधान रहा है। चुनाव के दिन आक्या अपने समर्थक सदस्यों के साथ वॉल्वो बस से कलेक्ट्रेट पहुंचे। शंकरी बाई भी उनके साथ थीं। भाजपा प्रत्याशी भंवर सिंह ने उनका हाथ पकड़कर मतदान स्थल तक पहुंचाया। मतदान से पहले शंकरी बाई के बेटे बबलू ने पीछे से आवाज लगाई- ‘मम्मी, हाथ पर वोट देना।’ लेकिन परिणाम में उनका वोट भाजपा के पक्ष में दर्ज हुआ। जीत के बाद भंवर सिंह ने कहा, ‘हॉट सीट वहीं होती है, जहां चंद्रभान सिंह आक्या होते हैं।’ उन्होंने जीत का श्रेय आक्या, सांसद सीपी जोशी और कार्यकर्ताओं को दिया। शंकरी बाई को अपनी बुआ बताते हुए उनके सम्मान की बात भी कही। शंकरी बाई का मामला इस चुनाव का एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम रहा। वे राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की सदस्य हैं, जिसकी स्थापना हनुमान बेनीवाल ने की थी। चुनाव से पहले उनके भाजपा विधायक आक्या के साथ होने को लेकर विवाद हुआ था। उन्हें जबरन ले जाने के आरोप लगे, वहीं शंकरी बाई और उनके पति ने अपनी मर्जी से भाजपा को समर्थन देने की बात कही थी। हनुमान बेनीवाल ने भी इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताई थी। हालांकि इसे आरएलपी का आधिकारिक समर्थन नहीं कहा जा सकता, लेकिन शंकरी बाई का एक वोट भाजपा को प्रधान की कुर्सी तक ले गया। जिले की दूसरी समितियों में भी मुकाबले कम दिलचस्प नहीं रहे। बड़ी सादड़ी में कांग्रेस की अजिता शर्मा ने भाजपा की सुमित्रा को 14-3 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। बेगूं में कांग्रेस के शंकरलाल गुर्जर ने भाजपा की चंदन बाला धाकड़ को 9-8 से हराया। यहां कांग्रेस को केवल एक वोट की बढ़त मिली। भदेसर में भाजपा की मांगी बाई भील ने कांग्रेस के हरलाल भील को 12-7 से पराजित कर पार्टी का बहुमत प्रधान की कुर्सी में बदल दिया। भैंसरोड़गढ़ में चुनाव ने अलग ही मोड़ लिया। यहां कांग्रेस के नौ और भाजपा के पांच सदस्य थे, जबकि एक निर्दलीय सदस्य था। इसके बावजूद निर्दलीय प्रत्याशी तनु जैन ने कांग्रेस की ज्योत्सना कंवर को 10-5 से हराकर प्रधान पद हासिल किया। भूपालसागर में कांग्रेस के मोहनलाल जाट ने भाजपा की श्वेता विजयवर्गीय को हराया। डूंगला में कांग्रेस की गीता ने भाजपा के गहरीलाल को 11-6 से शिकस्त दी। गंगरार में भाजपा की कैलाश देवी ने कांग्रेस की काली बाई सालवी को 9-8 से हराकर एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। कपासन में प्रधान पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित था और भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा। कांग्रेस के दिनेश बैरवा निर्विरोध प्रधान चुने गए। निंबाहेड़ा में कांग्रेस की उदी बाई गोपाल जाट ने भाजपा की पारस कंवर को 18-5 से हराकर पार्टी का मजबूत बहुमत बरकरार रखा। राशमी में भाजपा की नारायणी भील ने कांग्रेस की पुष्पा भील को हराकर प्रधान पद हासिल किया। इन नतीजों के पीछे जिले का सदस्य संख्या वाला गणित भी महत्वपूर्ण है। बड़ी सादड़ी में कांग्रेस के 14 और भाजपा के तीन सदस्य थे। बेगूं में कांग्रेस के नौ और भाजपा के आठ, भदेसर में भाजपा के 12 और कांग्रेस के सात सदस्य थे। भैंसरोड़गढ़ और भूपालसागर में कांग्रेस नौ-नौ सदस्यों के साथ आगे थी, जबकि डूंगला में कांग्रेस के 11 सदस्य थे। गंगरार में भाजपा के नौ और कांग्रेस के आठ सदस्य थे। कपासन में कांग्रेस के 11, निंबाहेड़ा में 18 और राशमी में भाजपा के आठ तथा कांग्रेस के सात सदस्य थे। चित्तौड़गढ़ में दोनों दल बराबरी पर थे। इन आंकड़ों ने चुनाव से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कई समितियों में प्रधान का चुनाव आसान नहीं होगा। जिले के चुनाव में कांग्रेस की सदस्य संख्या की बढ़त प्रधानों की संख्या में पूरी तरह तब्दील नहीं हो सकी। बेगूं और गंगरार में एक-एक वोट के अंतर से नतीजे आए, भैंसरोड़गढ़ में निर्दलीय ने बाजी पलट दी और चित्तौड़गढ़ में आरएलपी की सदस्य निर्णायक बनीं। दूसरी ओर निंबाहेड़ा और बड़ी सादड़ी जैसी समितियों में कांग्रेस ने अपने मजबूत बहुमत को जीत में बदला। भाजपा ने भदेसर, गंगरार, राशमी और चित्तौड़गढ़ में प्रधान बनाकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का दबदबा, जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख भी पार्टी का