मेदपाट विचार मंच की संगोष्ठी में अलगाववादी आंदोलनों, राष्ट्रवाद और सामाजिक विमर्श पर वक्ताओं ने रखे विचार उदयपुर, 29 नवंबर। राष्ट्र विरोधी और भ्रामक विमर्श का मुकाबला करने के लिए समाज के सामान्य नागरिकों को जागरूक होना होगा। राष्ट्र के समर्थन में सज्जन शक्ति को संगठित और जागृत करने की आवश्यकता है। यह बात वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने मेदपाट विचार मंच की ओर से आयोजित विचार गोष्ठी में कही। संगोष्ठी का विषय ‘भारत में अलगाववादी और आंदोलनजीवी संगठनों की हठधर्मिता’ था। प्रो. शर्मा ने वैश्विक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए सोवियत संघ और युगोस्लाविया के विघटन की चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद के प्रसार के समानांतर कई विघटनकारी आंदोलन भी खड़े हुए। उन्होंने जनजातियों और अनुसूचित जातियों को हिंदू समाज से अलग बताने वाले विमर्श को गलत बताते हुए इसका वैचारिक स्तर पर जवाब देने की जरूरत जताई। उनके अनुसार समाज में राष्ट्रहित के प्रति सकारात्मक चेतना मजबूत करना समय की मांग है। प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में भारत के विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों की चर्चा की। उन्होंने भक्ति आंदोलन, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष और आपातकाल विरोधी आंदोलन को सकारात्मक उदाहरण बताया। इसके साथ ही किसान आंदोलन, जेएनयू आंदोलन, इंडिया अगेंस्ट करप्शन, शाहीन बाग और नीट परीक्षा से जुड़े आंदोलनों पर सवाल उठाए। उन्होंने इन आंदोलनों से जुड़े कुछ चर्चित चेहरों की भूमिका और उनके उद्देश्यों पर भी विचार रखे। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के सह-आचार्य डॉ. बालूदान बारहठ ने देश में अलगाववादी प्रवृत्तियों के उभार के लिए तत्कालीन राजनीतिक व्यवस्थाओं और नीतिगत निर्णयों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कश्मीर, पंजाब, तमिलनाडु, असम, पूर्वोत्तर और नक्सलवाद से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक तुष्टीकरण और कमजोर नीतियों ने अलगाववादी ताकतों को बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने 2014 के बाद केंद्र सरकार की नीतियों और राष्ट्रविरोधी हिंसक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के संदर्भ में भी अपनी बात रखी। पूर्व सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि सरकारों की कमजोर इच्छाशक्ति और पड़ोसी देशों की गतिविधियों पर समय रहते ध्यान नहीं देने से अलगाववादी प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिला। उन्होंने कश्मीर से जुड़े विमर्श, मदरसा शिक्षा की निगरानी और बेहतर शैक्षणिक विकल्प उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। पूर्वोत्तर राज्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में रामकृष्ण मठ जैसी संस्थाओं के प्रभाव को सामाजिक समरसता के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकीय बदलाव और वागड़ क्षेत्र में धर्मांतरण को भी चुनौती के रूप में रेखांकित किया। गुरुनानक कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कोठारी ने आंदोलनों के पीछे सक्रिय अप्रत्यक्ष प्रभावों और संस्थागत भूमिका पर निगरानी रखने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अराजक तत्वों को प्रोत्साहन मिल सकता है। वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश मंत्री चंद्रेश बापना और एमपीयूएटी के पूर्व कुलपति प्रो. उमाशंकर शर्मा ने आदिवासी क्षेत्रों में वनवासी कल्याण परिषद एवं धर्म जागरण के कार्यों का उल्लेख करते हुए धर्मांतरण रोकने के प्रयासों की जानकारी दी। राजस्थान कृषि महाविद्यालय के पूर्व अधिष्ठाता विश्वनाथ जोशी ने विभिन्न सांस्कृतिक विचारधाराओं के टकराव को इन संघर्षों का एक प्रमुख कारण बताया। वहीं एमपीयूएटी के सेवानिवृत्त आचार्य प्रो. अभय मेहता ने जयप्रकाश और चिपको आंदोलनों को सकारात्मक जनभागीदारी के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना मेदपाट विचार मंच के संयोजक प्रो. सुभाष भार्गव ने रखी। संगोष्ठी में शिक्षाविदों, पूर्व सैन्य अधिकारियों और सामाजिक चिंतकों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सुर संगम की संगीत महफिल में गूंजी मशहूर गजलें, तीन घंटे तक सजी सुरों की महफिल महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित