अंगुली की चोट का इलाज कराने SMS ट्रॉमा सेंटर गया था, दूसरे मरीज की मौत का रिकॉर्ड उसके नाम चढ़ा; अब जिंदा होने का सबूत मांग रहा सिस्टम

जयपुर। सरकारी अस्पताल के रिकॉर्ड में किसी व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया जाए और वह व्यक्ति खुद अस्पताल पहुंचकर अपने जिंदा होने की गुहार लगाता रहे, इससे बड़ी विडंबना क्या होगी। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में ऐसी ही हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां अंगुली में चोट का इलाज कराने पहुंचे आमेर निवासी दिनेश सैनी को अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, उसके नाम से मृत्यु प्रमाण-पत्र भी जारी हो गया। सरकारी पोर्टल पर मौत दर्ज होने के बाद मां के जनआधार से भी उसका नाम अपने आप हट गया।

दिनेश पिछले 24 दिनों से खुद को जिंदा साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग उसकी गलती सुधारने के बजाय उससे ही ऐसे दस्तावेज मांग रहे हैं, जिन्हें जुटाना उसके लिए मुश्किल है। अस्पताल की ओर से मृतक के परिजनों का शपथ-पत्र और एसडीएम के हस्ताक्षर लाने को कहा जा रहा है।

एक ही नाम के दो मरीजों का रिकॉर्ड आपस में जुड़ा, दूसरे की मौत का प्रमाण-पत्र दिनेश को मिला

दिनेश सैनी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को वह अंगुली में चोट लगने पर SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचा था। वहां पट्टी करवाने के बाद घर लौट गया। उसका आरोप है कि इसी दिन अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर उसकी हॉस्पिटल आईडी (HID) दूसरे मरीज दिनेश मीणा के रिकॉर्ड से जोड़ दी गई। अगले दिन 4 नवंबर को दिनेश मीणा की मौत हो गई, लेकिन अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत्यु की एंट्री दिनेश सैनी के नाम से हो गई।

इसके बाद शव लेने के लिए दिनेश के दर्ज मोबाइल नंबर पर 12-13 बार फोन किए गए। 5 नवंबर को दिनेश सैनी खुद ट्रॉमा सेंटर पहुंचा और कर्मचारियों को बताया कि वह जीवित है तथा रिकॉर्ड में गलती हुई है। आरोप है कि उस समय उसे सुधार का भरोसा देकर भेज दिया गया।

सुधार की सूचना के बावजूद जारी हुआ मृत्यु प्रमाण-पत्र

दिनेश का कहना है कि अस्पताल में गलती की जानकारी देने और संशोधन पत्र दिए जाने के बावजूद 21 नवंबर को मेडिकल रिकॉर्ड डिपार्टमेंट (MRD) ने उसके नाम से मृत्यु पंजीकरण का प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। इसके बाद 25 नवंबर को पहचान पोर्टल से भी मृत्यु प्रमाण-पत्र बन गया। उसी दिन शाम को मां के जनआधार से उसका नाम स्वतः हट गया।

न मृतक के परिजनों का नंबर, न पहचान की सही जांच

इस पूरे मामले में दिनेश ने अस्पताल की रिकॉर्ड व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि अंगुली के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के दौरान आधार और जनआधार के दस्तावेज दिए बिना ही उसकी हॉस्पिटल आईडी दूसरे मरीज के रिकॉर्ड से जोड़ दी गई। पोस्टमार्टम के समय सुधार पत्र दिए जाने के बावजूद रिकॉर्ड की दोबारा जांच नहीं की गई। अस्पताल के रजिस्टर में वास्तविक मृतक दिनेश मीणा के परिजनों का मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं है।

दिनेश का आरोप है कि अब रिकॉर्ड में सुधार करने के लिए उसी से मृतक के परिजनों को लाने और एसडीएम के हस्ताक्षर वाला शपथ-पत्र प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है।

दोस्त कह रहे- तू तो मर गया, सरकारी दस्तावेजों में खुद को जिंदा साबित करने की जद्दोजहद

दिनेश का कहना है कि इस गलती के कारण उसकी सामाजिक और मानसिक परेशानी बढ़ गई है। उसके मुताबिक, सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित होने के बाद अब उसके पास खुद को जीवित साबित करने के लिए कोई वैध सरकारी दस्तावेज नहीं बचा है। दोस्त भी मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि तू तो मर गया। दिनेश का कहना है कि एक जिंदा इंसान को अपनी मौजूदगी साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।

सवाल यह है कि गलती अस्पताल के रिकॉर्ड में हुई तो सुधार की जिम्मेदारी भी अस्पताल की क्यों नहीं? जिस मरीज की मृत्यु हुई, उसकी पहचान और परिजनों का सत्यापन करने की जिम्मेदारी अस्पताल की थी। संशोधन की सूचना मिलने के बाद भी मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी होना रिकॉर्ड सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। अब देखना है कि अस्पताल प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी गलती सुधारकर दिनेश का नाम सरकारी रिकॉर्ड में दोबारा दर्ज कराता है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading