24 News Upadte जयपुर, 15 सितंबर। निकाय चुनावों का असर व्यापक रूप से दिखाई दे रहा है। यहां तक कि सरकारी फैसलों पर भी जिससे कई सवाल उठ खड़े हो रहे हैं। या तो मशीनरी पहले सोई हुई थी या फिर अब ज्यादा ओवर एक्टिव होकर काम कर रही है, कुछ तो गड़बड़ है।
राजस्थान में पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी को लेकर सरकार के फैसले ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस 17 और 18 सितंबर को पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी कराने का कार्यक्रम खुद विभाग ने तय किया था, उसी तारीख के नजदीक पहुंचने पर अब इसे टाल दिया गया। वजह बताई गई है—इन्हीं दिनों जिला कलेक्टर नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया में व्यस्त रहेंगे और एक साथ दोनों जिम्मेदारियां संभालने में परेशानी होगी।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने 15 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयोग को भेजे पत्र में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी है। इसके मुताबिक 17 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों की आरक्षण लॉटरी, जबकि 18 सितंबर को उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंचों की लॉटरी प्रस्तावित थी। अब दोनों तारीखों पर होने वाली प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है।
दिलचस्प यह है कि विभाग को नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम 17 और 18 सितंबर आने से पहले ही पता था। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को निकाय अध्यक्ष पद के नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 18 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटन होना है। इसके बाद 21 सितंबर को मतदान और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन निर्धारित है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब जिला कलेक्टरों को इन तारीखों में निकाय चुनाव की जिम्मेदारी निभानी थी, तो पंचायती राज की लॉटरी का कार्यक्रम पहले तय करते समय इस टकराव का आकलन क्यों नहीं किया गया? यही नहीं खुद जिला प्रशासन ने खबरें जारी कीं। मगर निकायों के चुनाव परिणाम आते ही ना जाने क्या हो गया कि विभाग ने अब अपने फैसले के पीछे जिला कलेक्टरों की व्यस्तता को आधार बनाया है। पत्र में बताया गया है कि नगरीय निकाय चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी दोनों कार्यों के लिए जिला स्तर पर एक ही प्राधिकारी यानी जिला कलेक्टर की भूमिका है। कलेक्टरों की ओर से भी लॉटरी की पूर्व निर्धारित तारीखों में बदलाव का अनुरोध किए जाने की बात विभाग ने कही है।
यानी कार्यक्रम पहले तय हुआ, तारीखें नजदीक आईं और अब प्रशासनिक व्यस्तता का हवाला देकर फैसला बदल दिया गया। इससे उन दावेदारों की बेचैनी बढ़ सकती है जो पंचायत चुनाव में अपनी संभावित सीट के आरक्षण की तस्वीर साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से कई संभावित प्रत्याशियों की चुनावी रणनीति भी फिलहाल अधर में रहेगी।
अब विभाग का कहना है कि नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि नई तारीख तय होते ही अलग से सूचना दी जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार और विभाग ने पंचायत आरक्षण लॉटरी की तारीख तय करते समय नगरीय निकाय चुनाव के कार्यक्रम और जिला कलेक्टरों की जिम्मेदारियों का पूरा आकलन नहीं किया था? अगर दोनों चुनावी प्रक्रियाओं की तारीखें पहले से निर्धारित थीं, तो अंतिम समय में कार्यक्रम बदलने की नौबत क्यों आई—यह सवाल अब प्रशासनिक स्तर पर भी उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी के लिए दावेदारों को नई तारीख का इंतजार करना होगा। दूसरी ओर नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। ऐसे में सरकार के सामने अब चुनौती सिर्फ नई तारीख तय करने की नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने की भी है कि अगली बार पंचायत आरक्षण की प्रक्रिया फिर किसी दूसरी प्रशासनिक व्यस्तता के कारण न अटके।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading