24 News Update जयपुर। राजस्थान में सूखे से प्रभावित किसानों को राज्य सरकार प्रति हेक्टेयर 8500 रुपए की आर्थिक सहायता देगी। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर के हिसाब से 17 हजार रुपए तक मुआवजा मिलेगा। यह सहायता उन्हीं किसानों को दी जाएगी, जिनकी फसल में 33 प्रतिशत से अधिक खराबा हुआ है। पात्र किसानों की सूची तहसीलदार पटवारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में तैयार करवाएंगे।
राज्य सरकार ने प्रदेश के 15 जिलों की 92 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए 9321 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में इसकी जानकारी दी थी। मुआवजे के लिए किसानों की फार्मर आईडी और ई-केवाईसी अनिवार्य होगी। राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी। कृषि विभाग ने किसानों के बैंक खातों को आधार और जन आधार से लिंक कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भुगतान में अड़चन नहीं आए।
कृषि विभाग के अनुसार सूखे के कारण 41 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि पर फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों, पशुपालकों और आमजन को राहत देने के लिए केंद्र से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फंड के तहत 3210 करोड़ रुपए की मांग की जाएगी। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार से यह सहायता जल्द जारी करने का अनुरोध करेंगे। वहीं, नवंबर के अंत तक सूखे से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र की टीम राजस्थान आएगी। टीम प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर किसानों को सहायता, तात्कालिक राहत और पुनर्वास के संबंध में सिफारिशें करेगी। राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने बताया कि फसल खराबे की गिरदावरी तेजी से कराई जा रही है और करीब एक महीने में प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नुकसान के आधार पर किसानों को मुआवजा मिलेगा। सूखा प्रभावित तहसीलों में चारा डिपो खोलने के साथ निराश्रित पशुओं के लिए चारा-पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। राज्य सरकार एनजीओ और गौशालाओं के सहयोग से चारा शिविर संचालित कराएगी। इनमें छोटे पशुओं के लिए 60 रुपए और बड़े पशुओं के लिए 100 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे। जरूरत के अनुसार संबंधित जिलों के कलेक्टर चारा शिविरों का निर्धारण करेंगे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading