वसीयत की वैधता और संपत्ति के मालिकाना हक पर अभी फैसला नहीं; कोर्ट ने साफ किया—मुकदमे में पक्षकार बनने से उत्तराधिकार साबित नहीं होता, 27 नवंबर को फिर होगी सुनवाई

जोधपुर। मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की संपत्तियों और ट्रस्ट के अधिकारों को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में राजस्थान हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है। जस्टिस रेखा बोराणा की एकलपीठ ने दिवंगत अरविंद सिंह मेवाड़ के स्थान पर उनके पुत्र लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, पुत्रियों पद्मजा कुमारी और भार्गवी कुमारी तथा बहन योगेश्वरी कुमारी—चारों को संयुक्त रूप से विधिक प्रतिनिधि के तौर पर मुकदमे में शामिल करने का आदेश दिया है। अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन 16 मार्च 2025 को हुआ था।

उनके निधन के बाद संपत्ति विवाद से जुड़ी सिविल प्रथम अपील और अन्य संबंधित अपीलों में उनका प्रतिनिधित्व कौन करेगा, इसे लेकर परिवार के सदस्यों के बीच अलग-अलग दावे सामने आए। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने 7 फरवरी 2025 की कथित वसीयत के आधार पर खुद को एकमात्र उत्तराधिकारी बताते हुए अकेले विधिक प्रतिनिधि के रूप में शामिल करने की मांग की थी। वहीं, योगेश्वरी कुमारी ने वर्ष 1984 की वसीयत और महाराणा मेवाड़ इंस्टीट्यूशन ट्रस्ट की एकमात्र जीवित ट्रस्टी एवं चेयरपर्सन होने के आधार पर अपना दावा पेश किया।

दूसरी ओर, पद्मजा कुमारी और भार्गवी कुमारी ने प्रथम श्रेणी की विधिक वारिस होने के आधार पर मुकदमे में पक्षकार बनाए जाने की मांग की। इसी कानूनी खींचतान के बीच महेंद्र सिंह मेवाड़ के पुत्र विश्वराज सिंह की ओर से भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 226 के तहत अपील खारिज करने की अर्जी भी पेश की गई। इसमें तर्क दिया गया कि निष्पादक की मृत्यु के बाद अपील स्वतः समाप्त हो जानी चाहिए।

चारों को शामिल किया, लेकिन मालिकाना हक पर मुहर नहीं

हाईकोर्ट ने अपील खारिज करने की अर्जी को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 22 के तहत विधिक प्रतिनिधियों को मुकदमे में प्रतिस्थापित करने का मकसद दिवंगत पक्षकार की संपत्ति और उससे जुड़े हितों का न्यायिक कार्यवाही में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। यह केवल मुकदमे की प्रक्रिया है, इससे किसी व्यक्ति को संपत्ति का मालिकाना हक हासिल नहीं होता।

अदालत ने यह भी साफ किया कि चारों को विधिक प्रतिनिधि के रूप में शामिल किए जाने का अर्थ किसी वसीयत को वैध मान लेना या किसी एक दावेदार को उत्तराधिकारी घोषित करना नहीं है। वसीयतों की प्रामाणिकता, उत्तराधिकार और संपत्तियों पर वास्तविक अधिकार जैसे मूल सवालों का फैसला मुख्य अपील की सुनवाई के दौरान ही होगा। ऐसे में हाईकोर्ट का मौजूदा आदेश परिवार के किसी भी पक्ष के पक्ष में अंतिम उत्तराधिकार निर्णय नहीं माना जाएगा।

अदालत ने संबंधित अपीलों में संशोधित वाद-शीर्षक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले से जुड़ी ऑडिट रिपोर्ट्स को भी न्यायिक रिकॉर्ड पर ले लिया गया है। अब इस प्रकरण में अगली सुनवाई 27 नवंबर 2026 को होगी।

मामले में विभिन्न पक्षों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष सिसोदिया, अधिवक्ता ओ.पी. मेहता, अधिवक्ता शीतल कुंभट और वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सचिन आचार्य सहित अन्य वकीलों ने पैरवी की।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading