रिपोर्ट—जयवंत भैरविया24 News update उदयपुर। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब पुलिस थानों के सीसीटीवी फुटेज आम नागरिकों को उपलब्ध कराए जाने लगे हैं। पत्रकार जयवंत भैरविया की ओर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों से यह बात सामने आई है। मानवाधिकारों की रक्षा और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान में सुप्रीम कोर्ट, राज्य सूचना आयोग और स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद आमजन को थानों के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के महानगर, गोसाईगंज, कैंट, पीजीआई, सुशांत गोल्फ सिटी और मोहनलालगंज सहित कई पुलिस थानों ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना करते हुए पात्र आवेदकों को आवश्यकतानुसार सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा रहे हैं। इससे यह साफ हो गया है कि न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस थानों के सीसीटीवी फुटेज आम नागरिकों को उपलब्ध कराना पूरी तरह संभव है चाहिए तो बस इच्छा शक्ति।दरअसल, पुलिस थानों में नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर लंबे समय से अभियान चलाया गया था। इस विषय पर प्रकाशित खबरों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका पर सुनवाई शुरू की। न्यायालय के निर्देशों के बाद देशभर के सभी राज्यों के पुलिस थानों और जांच एजेंसियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। राजस्थान सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर बताया था कि राज्य के प्रत्येक पुलिस थाने में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो ने भी जिला स्तर पर आवेदकों को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए थे।इसके बावजूद आरोप है कि राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर न तो सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं और न ही थानों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए थानों से आम नागरिकों को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट और सूचना आयोग के स्पष्ट निर्देशसुप्रीम कोर्ट ने परमवीर सिंह बनाम बलजीत सिंह मामले में ऐतिहासिक फैसला देते हुए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस थानों तथा जांच एजेंसियों में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और आवश्यक होने पर आम नागरिकों को फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, ताकि मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में 16 नवंबर 2023 को स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो, राजस्थान के तत्कालीन महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी कर कहा था कि आपराधिक प्रकरणों, परिवादों तथा सूचना के अधिकार (RTI) के अंतर्गत मांगी गई सीसीटीवी फुटेज जिला स्तर पर संबंधित आवेदकों को उपलब्ध कराई जाए। राज्य सूचना आयोग भी इस विषय पर कई महत्वपूर्ण आदेश पारित कर चुका है। 18 सितंबर 2023 को आरुषि जैन बनाम राज्य लोक सूचना अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उदयपुर मामले में आयोग ने स्पष्ट कहा था कि सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों में कैमरे गोपनीयता बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शिता, निष्पक्षता और तथ्यों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगाए जाते हैं। आयोग ने यह भी माना कि ऐसी सूचना को सूचना के अधिकार अधिनियम की धारा 8(1) के तहत छूट के दायरे में नहीं रखा जा सकता और निर्धारित अवधि में फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके बाद लक्ष्मी देवी बनाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उदयपुर (18 नवंबर 2024) तथा शारदा देवी बनाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीकर (6 सितंबर 2024) मामलों में भी राज्य सूचना आयोग ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के आदेश दिए। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उदयपुर गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने भी राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में RTI के तहत सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने संबंधी आदेश जारी किए थे। राजस्थान में अब भी सवालों के घेरे में व्यवस्थाइसके बावजूद राजस्थान में कई स्थानों पर आम नागरिकों को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। आरोप है कि फुटेज मांगने पर गोपनीयता, मुखबिरों की पहचान उजागर होने, थाने की सूचनाएं लीक होने और सुरक्षा संबंधी कारणों का हवाला देकर आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं। हालांकि इस तर्क पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पुलिस थाने में आने-जाने वाले लोगों को बाहर खड़ा कोई भी व्यक्ति देख सकता है और उनके फोटो भी ले सकता है। ऐसे में गोपनीयता का बहाना बनाकर सीसीटीवी फुटेज देने से इनकार करना न्यायालयों और सूचना आयोग के आदेशों की भावना के अनुरूप नहीं माना जा सकता। विशेषज्ञों का मानना है कि जब सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, संचालन और रखरखाव पर खर्च जनता के टेक्स से किया जा रहा है, तब कानून के अनुरूप नागरिकों को आवश्यक परिस्थितियों में सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करने का अधिकार भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मानवाधिकारों की रक्षा, पुलिस जवाबदेही और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए इस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन समय की मांग माना जा रहा है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation वन अधिकार से पेंशन और मनरेगा तक, 10 अगस्त को आदिवासी इलाकों में जेल भरो आंदोलन 23 अगस्त को दिल्ली में सवर्ण आक्रोश महापंचायत, यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान