आचार्य मुक्तिसागरसूरिश्वर ने कहा—विदाई का दिन आत्मविश्लेषण का अवसर, धर्म आराधना से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव उदयपुर, 24 नवम्बर। आयड़ जैन तीर्थ में पूज्य आचार्य भगवंतों एवं मुनिराजों की पावन निश्रा में चार माह तक चले चातुर्मास की पूर्णाहुति पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। ज्ञान, भक्ति, धर्म आराधना और आध्यात्मिक प्रेरणा से ओतप्रोत चातुर्मास के समापन अवसर पर श्रद्धा, उल्लास और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मंगलाचरण एवं मंगलिक पाठ के साथ प्रारंभ हुए समारोह में बड़ी संख्या में समाजजनों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान शत्रुंजय भावयात्रा के माध्यम से चातुर्मास परिवर्तन का धार्मिक आयोजन भी संपन्न हुआ।महासभा के महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि कार्यक्रम अभ्युदयपुरम प्रेरक, प्रबुद्ध प्रवक्ता एवं मालव मार्तण्ड पूज्य आचार्य डॉ. मुक्तिसागरसूरिश्वरजी महाराज, जाप-ध्यान निष्ठ पूज्य आचार्य अचलमुक्तिसागरसूरिश्वर महाराज, मुनिराज पवनसागर महाराज एवं मुनिराज मनमुक्तिसागर महाराज आदि ठाणा-4 की पावन निश्रा में संपन्न हुआ।इस अवसर पर प्रवचन देते हुए आचार्य मुक्तिसागरसूरिश्वरजी महाराज ने आत्मा की पूर्णता और परमात्मा की प्राप्ति का सुंदर उदाहरणों के माध्यम से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि दीपक की पूर्णता उसका प्रकाश है, अगरबत्ती की पूर्णता उसकी सुगंध है, मेहंदी की पूर्णता हथेली पर बिखरे लाल रंग में है और स्त्री की पूर्णता उसका मातृत्व है। ठीक इसी प्रकार आत्मा की वास्तविक पूर्णता परमात्मा दशा की प्राप्ति में निहित है।आचार्यश्री ने कहा कि पारसमणि लोहे की देव प्रतिमा और कसाई के हाथ में रखी छुरी, दोनों को स्पर्श करने पर सोना बना देती है। इसी प्रकार चंद्रमा की चांदनी राजा के महल और गरीब की झोपड़ी, दोनों पर समान रूप से बरसती है। आवश्यकता केवल इतनी है कि घर के द्वार और खिड़कियाँ खुली हों। ठीक इसी प्रकार परमात्मा के ज्ञान का प्रकाश और उनकी करुणा की वर्षा प्रत्येक उस हृदय में हो सकती है, जिसमें परमात्मा को पाने की सच्ची अभिलाषा हो।आचार्यश्री ने कहा कि चातुर्मास परिवर्तन और विदाई का यह दिन केवल एक धार्मिक परंपरा का अवसर नहीं, बल्कि आत्मविश्लेषण का महत्वपूर्ण समय है। प्रत्येक व्यक्ति को विचार करना चाहिए कि चार माह की धर्म आराधना के दौरान उसने अपने जीवन में क्या बदलाव किए, दूसरों के साथ कैसा व्यवहार किया और धर्म से क्या प्रेरणा प्राप्त की। धर्म आराधना का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक क्रियाएं करना नहीं, बल्कि आत्मचिंतन के माध्यम से अपने विचारों, व्यवहार और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा से चार माह तक एक स्थान पर विराजमान साधु-साध्वी भगवंतों की विहार यात्रा प्रारंभ होती है। इसी परंपरा के तहत आयड़ तीर्थ में विराजित आचार्य अचलमुक्तिसागरसूरिश्वरजी, साध्वी सुभ्रिताश्रीजी, साध्वी विरागरेखाश्रीजी आदि का चातुर्मास परिवर्तन हुआ। वहीं हाथीपोल धर्मशाला में चातुर्मासरत दिव्य चंद्र विजय महाराज का भी चातुर्मास परिवर्तन संपन्न हुआ। इस आयोजन का लाभ शांतादेवी नाहर परिवार ने लिया।महासभा महामंत्री कुलदीप नाहर ने कहा कि महासभा के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सहयोग, प्रेम और समर्पण से यह चातुर्मास भव्य एवं ऐतिहासिक बन पाया। चार माह तक संतों और साध्वी भगवंतों के सानिध्य में प्राप्त दिव्य ज्ञान ने समाजजनों के जीवन को नई दिशा दी तथा सोच और विचारों में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि चातुर्मास की उपलब्धियों की खुशी है, लेकिन विदाई की बेला सभी को भावुक कर रही है। उन्होंने कहा कि संतों का मंगल प्रवेश और विहार जैन धर्म की समृद्ध धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह धर्म की मर्यादा है, जिसे प्रत्येक श्रद्धालु को श्रद्धापूर्वक स्वीकार करना चाहिए। संतों का सानिध्य जीवन में धर्म, संयम, सदाचार और आत्मकल्याण की प्रेरणा प्रदान करता है।कुलदीप नाहर ने बताया कि आचार्यश्री का मालवा की ओर विहार 28 नवंबर को सुबह 6:45 बजे हाथीपोल मंदिर की चैत्य परिपाटी के साथ प्रारंभ होगा। इससे पूर्व 27 नवंबर को सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक आयड़ उपाश्रय में आचार्यश्री का अंतिम प्रवचन ‘अमृत के नौ कलश’ विषय पर आयोजित होगा।इस अवसर पर भूपाल सिंह परमार, भूपाल सिंह नाहर, कुलदीप नाहर, चंद्र सिंह, अशोक जैन, राजेंद्र जावरिया, प्रकाश नागोरी, हेमंत सिंघवी, राजेश जावरिया, दिनेश बापना, अभय नलवाया, कैलाश मुर्डिया, चतर सिंह पामेच, सतीश कच्छारा, दिनेश भंडारी, चिमनलाल गांधी, प्रद्योत महात्मा, रमेश सिरोया, कुलदीप मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सवीना पुलिस की तीन अलग-अलग कार्रवाई, महुआ शराब बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार; लाल मगरी में छुरी लेकर घूम रहा 18 वर्षीय युवक भी पकड़ा