आरओ प्लांट के टैंक में दम घुटने से दोनों ने तोड़ा दम, मजदूरों ने कीचड़ से निकाला; बिना अनुमति और सुरक्षा अधिकारी की सलाह के काम शुरू कराने का आरोप भीलवाड़ा। कपड़ा फैक्ट्री में आरओ प्लांट के टैंक की सफाई दो सगे भाइयों के लिए जिंदगी का आखिरी काम बन गई। टैंक के अंदर जहरीली गैस और दम घुटने से पहले बड़ा भाई बेहोश होकर गिर पड़ा। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर छोटा भाई उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। दोनों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम करीब 4 बजे हमीरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में हुआ। जानकारी के अनुसार दौसा निवासी बद्री बैरवा (33) ठेकेदार के निर्देश पर फैक्ट्री के आरओ प्लांट के टैंक की सफाई करने उतरा था। कुछ देर सफाई करने के बाद उसे घबराहट और दम घुटने की शिकायत हुई तो वह बाहर आ गया। इसके बाद वह दोबारा सफाई के लिए टैंक में उतरा, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बड़े भाई को बाहर नहीं आते देख उसका छोटा भाई राजू (31) उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। अंदर कीचड़ में फंसे भाई को निकालने का प्रयास करते हुए वह खुद भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। दोनों अंदर ही अचेत हो गए। काफी देर तक दोनों भाइयों के बाहर नहीं आने पर फैक्ट्री के अन्य मजदूरों और प्रबंधन को चिंता हुई। तलाश करने पर दोनों टैंक के अंदर कीचड़ में बेसुध मिले। उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बिना अनुमति शुरू कराया सफाई का काम फैक्ट्री के एचआर हेड एसएस सोलंकी ने बताया कि कर्मचारियों ने बिना अनुमति और सेफ्टी ऑफिसर से सलाह किए सफाई का काम शुरू कर दिया था। सुपरवाइजर ने उन्हें काम शुरू करने से मना भी किया था, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू करने के लिए कह दिया। उनके अनुसार पहले एक युवक टैंक में गया और घबराहट होने पर बाहर आ गया। इसके बाद उसका भाई उसे निकालने के लिए अंदर गया और वह भी गिर गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई। मॉर्च्युरी में रखवाए शव, जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद दोनों शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। हमीरगढ़ थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के भीलवाड़ा पहुंचने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। सवाल जो फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार से पूछे जाने चाहिए: जब टैंक की सफाई के लिए सुरक्षा अनुमति जरूरी थी तो काम किसके निर्देश पर शुरू हुआ? क्या टैंक में उतरने से पहले गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की गई थी? सुपरवाइजर की कथित मनाही के बावजूद ठेकेदार ने काम क्यों शुरू कराया? दो मजदूरों की जान जाने के बाद इन सवालों की जांच बेहद जरूरी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जोधपुर के होटल में CST की दबिश, थाईलैंड की 7 युवतियां डिटेन; संचालक समेत 8 गिरफ्तार