24 News Update सीकर। महज दो दिन पहले हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई पद पर प्रमोट हुए पुलिसकर्मी की खुशी ज्यादा दिन टिक नहीं पाई। रानोली थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल रामनिवास बाजिया को झुंझुनूं एसीबी टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
बाजिया पर आरोप है कि उसने लव मैरिज करने वाले युवक को छोड़ने की एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। युवती ने पुलिस के सामने साफ कहा था कि वह अपनी मर्जी से शादी कर चुकी है, फिर भी बाजिया युवक पर दबाव बनाता रहा।
20 लाख में भी शादी नहीं रुकती, मैं तो 20 हजार ही मांग रहा हूँ
एसीबी के मुताबिक आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने पीड़ित परिवार से यह तक कह दिया कि 20 लाख रुपए देने पर भी शादी नहीं होती, मैं तो सिर्फ 20 हजार मांग रहा हूँ।
पहले 2100 रुपए लेकर फाइल दबाने का झांसा दिया गया। इसके बाद 20 हजार रुपए की मांग पर सौदा 15 हजार में तय हुआ। इसी दौरान परिवादी ने एसीबी से संपर्क किया और जाल बिछा दिया गया।
दो दिन पहले ही मिला था प्रमोशन
एसीबी डीवाईएसपी शब्बीर खान ने बताया कि रामनिवास बाजिया का 1 अक्टूबर को ही एएसआई पद पर प्रमोशन हुआ था और वह ट्रेनिंग पर जाने वाला था। लेकिन प्रमोशन का जश्न मनाने से पहले ही वह भ्रष्टाचार के जाल में फँसकर सलाखों के पीछे पहुंच गया।
एसीबी की कार्रवाई
जैसे ही रिश्वत की राशि तय हुई, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर बाजिया को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी अब जेल की हवा खा रहा है और एसीबी आगे की जांच में जुट गई है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.