24 News Update उदयपुर। पुराने पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार दंपती को रोककर महिला से मारपीट करने और पर्स लूटने के मामले में भूपालपुरा थाना पुलिस ने महज छह घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी के साथ लूटा गया आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घंटाघर थाना क्षेत्र में इसी दिन एक अन्य लूट की वारदात करना भी स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, पाठों की मगरी निवासी विक्रम सिंह ने 17 नवंबर को भूपालपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को वह पत्नी के साथ स्कूटी से सेलिब्रेशन मॉल से घर लौट रहे थे। पुराने पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया और पत्नी के हाथ से लेदर का पर्स छीनकर भागने लगा। दंपती ने विरोध किया तो आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उन्हें नीचे गिराकर पर्स लेकर फरार हो गया। पर्स में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शहर उमेश ओझा और सीओ नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी की पहचान कर उसे वारदात के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

नौ पुराने मामले दर्ज, पुलिस रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तार आरोपी मोहित सोनी (30) पुत्र फतेहलाल सोनी है। वह मूल रूप से 133 मोती चौहट्टा, थाना घंटाघर का निवासी है और वर्तमान में 417 नाजु श्री वाटिका के पास, सहेली नगर, थाना अंबामाता में रह रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, लूटा गया आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। मोबाइल और अन्य सामान की बरामदगी के लिए उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ धानमंडी, अंबामाता, सुखेर, सूरजपोल और हाथीपोल थानों में लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के करीब नौ मामले पहले से दर्ज हैं।

कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर एएसपी उमेश ओझा और सीओ छवि शर्मा के सुपरविजन में हुई। टीम में थानाधिकारी रतन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक खुमाण सिंह और सियाराम, हेड कांस्टेबल गंगा विशन (2036), कांस्टेबल दिनेश जोशी (2591), सुनील कुमार (2381) और साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक गजराज शामिल थे। कांस्टेबल दिनेश जोशी की विशेष भूमिका रही।

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading