बांसवाड़ा के टिम्बड़ा कोटड़ा गांव में मामूली कहासुनी के बाद वारदात का आरोप, गर्दन मरोड़ने से मौत की आशंका; माता-पिता को पहले ही खो चुका था युवक, दादा-दादी के साथ रहता था

बांसवाड़ा। मामूली कहासुनी ने एक 18 वर्षीय युवक की जान ले ली। कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टिम्बड़ा कोटड़ा गांव में पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी पर अक्षय नामक युवक की हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों ने घर में खाना खा रहे अक्षय को जबरन बाहर खींचा और बेरहमी से मारपीट करते हुए उसकी गर्दन मरोड़ दी। गंभीर चोटों के चलते युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी दंपती फरार हो गया। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

घटना 13 नवंबर की शाम करीब सात बजे की बताई गई है। मृतक की दादी थावरी देवी के अनुसार, उनका पोता अक्षय पुत्र धर्मा घर में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी वहां पहुंचे। दिन में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। शाम को विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दंपती अक्षय को घर के भीतर से जबरन खींचकर बाहर रास्ते पर ले आया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

दादी ने आरोप लगाया कि दोनों ने अक्षय पर मुक्कों से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी गर्दन मरोड़ दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया।

माता-पिता की पहले ही हो चुकी है मौत

अक्षय मजदूरी कर परिवार का गुजारा करने में हाथ बंटाता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी छोटी बहन के साथ दादा-दादी के पास रहता था। परिवार के लिए यह घटना दोहरी त्रासदी बन गई है।

कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतक की दादी थावरी देवी की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दिन में मृतक और पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। बताया गया कि अक्षय की ओर से कथित तौर पर गाली-गलौज के बाद आरोपी आवेश में आ गए और घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। फरार पति-पत्नी की तलाश जारी है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading