चित्तौड़गढ़ में हरियाणा नंबर के टैंकर से 900 लीटर और मौके पर तीन ड्रमों से 310 लीटर स्प्रिट जब्त, चालक सहित दो गिरफ्तार; सील से छेड़छाड़ किए बिना चोरी के लिए लगाया था विशेष मैकेनिकल सिस्टम चित्तौड़गढ़। टैंकर की सुरक्षा सील जस की तस और बाहर से कोई छेड़छाड़ नजर नहीं आ रही थी, लेकिन भीतर से स्प्रिट निकालने का खेल चल रहा था। आबकारी विभाग ने रविवार तड़के चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर इस तरीके का खुलासा किया। कार्रवाई में हरियाणा नंबर के एक टैंकर से करीब 900 लीटर स्प्रिट और मौके पर रखे तीन ड्रमों से करीब 310 लीटर स्प्रिट बरामद की गई। विभाग ने टैंकर चालक अब्दुल इस्लाम खान और दुर्गेश जटिया को गिरफ्तार कर लिया है। जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी के अनुसार, रविवार सुबह करीब चार बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे पर एक टैंकर से स्प्रिट निकाली जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध टैंकर को रुकवाया। जांच में टैंकर से बड़ी मात्रा में स्प्रिट बरामद हुई। इसके अलावा पास में रखे तीन ड्रमों में भी करीब 310 लीटर स्प्रिट भरी मिली। मौके से स्प्रिट निकालने में इस्तेमाल की जा रही पाइप भी जब्त की गई। सील तोड़े बिना स्प्रिट निकालने का जुगाड़ इस कार्रवाई का सबसे चौंकाने वाला पहलू टैंकर में किया गया तकनीकी बदलाव है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टैंकर के मुख्य आउटलेट वाल्व और बाहरी सुरक्षा सील को नुकसान पहुंचाए बिना स्प्रिट निकालने की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए टैंकर के अंदरूनी या ऊपरी हिस्से में विशेष मैकेनिकल लिंकेज यानी रॉड-लीवर सिस्टम फिट किया गया था। यह सिस्टम टैंकर के ऊपरी ढक्कनों से जुड़ा हुआ था। लीवर या रॉड को संचालित कर ढक्कन खोले जा सकते थे और फिर पाइप के जरिए भीतर से स्प्रिट निकाली जा रही थी। इस तरीके से बाहरी सील सुरक्षित दिखाई देती है, जिससे सामान्य जांच में टैंकर के साथ छेड़छाड़ पकड़ना मुश्किल हो सकता है। विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इस व्यवस्था का इस्तेमाल पहले भी स्प्रिट निकालने के लिए किया गया था या नहीं। कहां से आई, कहां पहुंचनी थी स्प्रिट? आबकारी विभाग ने टैंकर और बरामद स्प्रिट जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि स्प्रिट कहां से लाई गई थी, किसे पहुंचाई जानी थी और इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जा सकता है, इसलिए विभाग इस बरामदगी को गंभीरता से ले रहा है। जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार, स्प्रिट चोरी करने वाले गिरोह बेहद कम समय में टैंकर से बड़ी मात्रा में तरल निकाल सकते हैं। कुछ मामलों में यह काम 10 से 15 मिनट में पूरा कर लिया जाता है। इसी कारण सूचना मिलते ही टीम ने बिना देरी किए नाकाबंदी कर कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त सांगावत और प्रभा गौतम के निर्देश पर की गई। जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी के नेतृत्व में गठित टीम में पीओ धोलाराम, एईओ शुभम, सीआई दिगंबर, जमादार ओंकार सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पैंथर की तारबंदी में फंसने से मृत्यु, मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम क्रेडिट कार्ड की लिमिट 2 लाख करने का झांसा, OTP लेते ही कारोबारी के खाते से उड़ाए 1.01 लाख रुपये