खुद को जयपुर का क्रेडिट कार्ड कंपनी कर्मचारी बताकर किया फोन, 24 घंटे में रकम लौटाने का भरोसा देकर ठगता रहा आरोपी; सदर थाने में जीरो नंबर एफआईआर पर मामला दर्ज

चित्तौड़गढ़। साइबर ठग अब लोगों को बैंक खाते या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सुविधाएं बढ़ाने का लालच देकर निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला चित्तौड़गढ़ में सामने आया है, जहां क्रेडिट कार्ड की लिमिट दो लाख रुपये तक बढ़ाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 1 लाख 1 हजार 333 रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताया और बिना किसी शुल्क के लिमिट बढ़ाने के साथ अतिरिक्त फायदे देने का भरोसा दिलाया। कारोबारी को विश्वास में लेकर मोबाइल पर आया ओटीपी हासिल किया और कुछ ही मिनटों में खाते से रकम निकाल ली।

पीड़ित भैरूनाथ योगी निवासी सेगवा हाउसिंग बोर्ड, निंबाहेड़ा रोड पर पुराने ट्रैक्टर खरीदने-बेचने का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को जयपुर का निवासी बताते हुए क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताया। बातचीत के दौरान उसने भैरूनाथ को बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाकर दो लाख रुपये की जा सकती है। इसके लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा और कार्ड पर कुछ अन्य सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

ओटीपी बताते ही खाते से निकल गए रुपये

क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ने और अतिरिक्त सुविधाएं मिलने के लालच में भैरूनाथ आरोपी की बातों में आ गए। बातचीत के दौरान उनके मोबाइल पर कुछ संदेश आए। फोन करने वाले ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनसे ओटीपी पूछ लिया। भैरूनाथ ने जैसे ही ओटीपी साझा किया, कुछ ही मिनटों में उनके खाते से 1,01,333 रुपये निकल गए। रकम कटने का संदेश मिलने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल उसी मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क किया।

24 घंटे में रकम लौटाने का दिया भरोसा

रकम कटने की जानकारी देने पर आरोपी ने कारोबारी को यह कहकर भरोसे में लेने की कोशिश की कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है और 24 घंटे के भीतर पूरी रकम खाते में वापस आ जाएगी। भैरूनाथ ने आरोपी की बात पर भरोसा कर इंतजार किया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं आई। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर से ऑनलाइन सीसीटीएनएस एप्लीकेशन के माध्यम से चित्तौड़गढ़ पुलिस को भेजी गई। ऑनलाइन प्राप्त जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत भैरूनाथ योगी पुत्र हजारीनाथ योगी निवासी सेगवा हाउसिंग बोर्ड की ओर से दी गई है। मामले की जांच सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह कर रहे हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और ठगी की रकम किस खाते में स्थानांतरित हुई, इसकी जानकारी जुटा रही है।

सुविधा का लालच देकर गोपनीय जानकारी हासिल करना ठगों का नया तरीका

इस घटना में ठग ने न तो कारोबारी से सीधे पैसे मांगे और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करवाया। उसने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने जैसी सामान्य बैंकिंग सुविधा का लालच देकर पहले विश्वास जीता और फिर ओटीपी हासिल कर लिया। ऐसे में अनजान व्यक्ति के फोन पर बैंकिंग या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी साझा करना भारी पड़ सकता है। ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए, चाहे फोन करने वाला खुद को बैंक या क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी ही क्यों न बताए।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading