नाम-पता बदलकर कश्मीरी गेट स्थित बालिका गृह में रह रही थी किशोरी, तलाश पर था 25 हजार रुपये का इनाम; भेष बदलकर पुलिस टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन, बाल दिवस पर परिजनों से मिलाया

जयपुर। नौ माह से लापता एक बालिका की तलाश में अजमेर पुलिस ने राजस्थान से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश तक अभियान चलाया। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 2286 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया गया। सोशल मीडिया अकाउंट्स पर निगरानी रखने के साथ पुलिस टीम ने कई शहरों में धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, बालिका गृहों और स्वयंसेवी संगठनों से भी संपर्क किया। आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली। बालिका नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित किलकारी रेनबो होम फॉर गर्ल्स फाउंडेशन में मिली। उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर नाम और पता बदल लिया था। उसकी तलाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 14 नवंबर को बालिका को दस्तयाब कर परिजनों से मिलवाया गया। बाल दिवस पर परिवार के लिए यह सबसे बड़ी खुशी साबित हुई।

यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन खुशी-11 के तहत की गई। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर गुमशुदा और लापता नाबालिग बच्चों की तलाश एवं पुनर्स्थापना के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने 15 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी।

19 फरवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स एवं एएचटीयू) के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचन्द कायल के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के निकटतम सुपरविजन में थाना गांधीनगर, किशनगढ़ के थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।

शुरुआत में पुलिस ने राजस्थान के कई जिलों में संभावित ठिकानों पर पड़ताल की। जयपुर, खाटूश्यामजी, अलवर, कोटा, कोटपूतली, नागौर, सीकर, चूरू, जोधपुर, अजमेर और टोंक में सघन तलाश अभियान चलाया गया। इसके बाद जांच का दायरा राजस्थान से बाहर बढ़ाया गया। उत्तर प्रदेश के बरेली और आगरा, नई दिल्ली, भोपाल तथा रतलाम में भी पुलिस ने संभावित स्थानों पर संपर्क और तलाश की।

सीसीटीवी से लेकर सोशल मीडिया तक खंगाला

बालिका की संभावित आवाजाही के रास्तों की पहचान कर पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। थाना गांधीनगर और साइबर सेल अजमेर की तकनीकी टीमों ने करीब 2286 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया। इंस्टाग्राम, स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखी गई।

पुलिस ने तलाश के दौरान धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बालिका गृहों, बाल कल्याण समितियों, सखी वन स्टॉप सेंटर, बचपन बचाओ संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से संपर्क किया। लगातार जुटाए जा रहे तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस को बालिका के नई दिल्ली में होने के संकेत मिले।

भेष बदलकर कश्मीरी गेट इलाके में की तलाश

नई दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र में बालिका की पहचान छिपाकर रहने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। टीम ने भेष बदलकर आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और चाय की दुकानों के आसपास रेकी की। स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाने और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने के बाद पुलिस 14 नवंबर को किलकारी रेनबो होम फॉर गर्ल्स फाउंडेशन तक पहुंची। यहां से बालिका को दस्तयाब कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बालिका अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर बदले हुए नाम-पते से वहां रह रही थी।

अनिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सहायक उप निरीक्षक आशीष गहलोत (साइबर सेल), कांस्टेबल सीताराम राजावत (नंबर 2318, थाना गांधीनगर) और कांस्टेबल अभय सिंह (नंबर 2848, साइबर सेल) शामिल रहे। इनके साथ कांस्टेबल प्रेमचन्द (नंबर 2132), सुरेन्द्र (नंबर 893) और पूरणमल (नंबर 1682) ने भी तलाश अभियान में योगदान दिया।

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचन्द कायल और पुलिस उप अधीक्षक किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के पर्यवेक्षण में टीम ने लगातार प्रयास किए। नौ माह से लापता बालिका की दस्तयाबी और उसे परिजनों से मिलवाना अभियान की महत्वपूर्ण सफलता है। बालिका के मिलने से लंबे समय से उसकी प्रतीक्षा कर रहे परिवार को राहत मिली है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading