24 News Update उदयपुर, 28 जुलाई। उदयपुर पुलिस ने गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में राहगीर से चाकू की नोक पर स्कूटी, नकदी और सोने की अंगूठी लूटने की सनसनीखेज वारदात का महज दो घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अम्बामाता थाना क्षेत्र का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर मोईन उर्फ धुरी और उसका साथी इदरीस उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस ने लूटी गई स्कूटी बरामद कर ली है, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, लूटी गई नकदी और सोने की अंगूठी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी गोपाल चंदेल के निर्देशन में गोवर्धनविलास थानाधिकारी सुनील चारण के नेतृत्व में गठित टीम ने की। आधी रात को लौट रहे थे, रास्ता रोककर की लूटपुलिस के अनुसार अहमदाबाद निवासी गौरव कुमार सिंधी और उनके साथी विनोद कुमार चेतनानी पिछले कुछ दिनों से जीवनतारा क्षेत्र में किराये पर रह रहे हैं। मंगलवार देर रात दोनों किराये की स्कूटी से उदियापोल नाश्ता करने गए थे। लौटते समय करीब 1:20 बजे बड़बड़ेश्वर महादेव रोड के पास बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनका पीछा किया। सुनसान गली में आरोपियों ने उनकी स्कूटी के आगे अपनी स्कूटी लगाकर रास्ता रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने बड़ा चाकू निकालकर दोनों को नीचे उतार दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़ित से करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी और उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। शहरभर में नाकाबंदी, मल्लातलाई से दबोचे गएघटना की सूचना मिलते ही गोवर्धनविलास थाना पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ितों से मिले हुलिए और संदिग्धों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई। दोनों आरोपियों के आदतन अपराधी होने और पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज होने के कारण उनकी तलाश तेज की गई। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम ने अम्बामाता थाना क्षेत्र के मल्लातलाई इलाके में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद लूटी गई स्कूटी बरामद कर ली गई। पूरी कार्रवाई घटना के करीब दो घंटे के भीतर पूरी कर ली गई। दोनों के खिलाफ दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमेपुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोईन उर्फ धुरी (23) अम्बामाता थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती की तैयारी, हथियार अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट, अपहरण, मारपीट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों सहित 20 से अधिक आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। दूसरा आरोपी इदरीस उर्फ छोटू (21) भी लूट और मारपीट सहित कई संगीन मामलों में आरोपी रहा है। उसके खिलाफ अम्बामाता, गोवर्धनविलास, हिरणमगरी और नाई थाना क्षेत्रों में एकाधिक लूट और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। संगठित अपराध की धाराएं भी लगेंगीपुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आदतन और संगठित अपराधों में शामिल रहे हैं। उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनके विरुद्ध बीएनएस की संगठित अपराध संबंधी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीमगोवर्धनविलास थाना प्रभारी सुनील चारण के नेतृत्व में देवेन्द्र पुरी, धर्मवीर सिंह, प्रदीप कुमार, कालूलाल, अंकित सिंह, शैतानराम और कैलाश कुमार की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: अब प्रसूताओं को बिना रिप्लेसमेंट मिलेगा मुफ्त ब्लड, अस्पतालों को दिए सख्त निर्देश नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीति तय