जयपुर। खाओ खिलाओ संस्कृति जिंदाबाद थी, है और रहने वाली है। हम केवल खबरें पढ़ेंगे और भूल जाएंगे। अब नया दौर ये आया है कि थानों के अंदर भी खुलकर मंथली के खेल होने लग गए हैं। थाना परिसर ही अब रिश्वत के धन से पवित्र हो रहे हैं। पैसा कहां कहां तक जाता है यह कहने सुनने की अब बात ही नहीं रही। बहरहाल, खबर ये है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में जयपुर ACB ने रविवार को सांभरलेक थाने में तैनात थानाधिकारी राममिलन मीणा को 50 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि सांभर क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में पुलिस की ओर से कोई रुकावट नहीं डालने के बदले थानाधिकारी ठेकेदार से हर महीने रिश्वत की मांग कर रहे थे। मामले की शिकायत ठेकेदार ने ACB मुख्यालय में की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एडिशनल एसपी भूपेन्द्र के नेतृत्व में टीम ने रविवार को ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। ACB के अनुसार थानाधिकारी को थाना परिसर में बने SHO रूम में ही रिश्वत की रकम लेते पकड़ा गया। हर महीने 20 हजार की मांग का आरोप परिवादी ठेकेदार ने शिकायत में बताया था कि उसके पिता के नाम की फर्म को PWD से सांभर क्षेत्र में सड़क निर्माण का वर्क ऑर्डर मिला है। निर्माण कार्य हाल ही में शुरू हुआ है और अगले साल फरवरी तक चलना है। आरोप के मुताबिक, काम को बिना किसी पुलिस रुकावट के जारी रखने के लिए थानाधिकारी राममिलन मीणा हर महीने 20 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि रकम नहीं देने पर निर्माण स्थल पर लगे वाहनों और कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जाता था। सत्यापन में 50 हजार की डिमांड सामने आई ACB DG गोविंद गुप्ता के अनुसार शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी थानाधिकारी की ओर से रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन में हर महीने 10 हजार रुपए के हिसाब से कुल 50 हजार रुपए देने की बात सामने आई। इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। परिवादी को रिश्वत की रकम देकर थानाधिकारी के पास भेजा गया। जैसे ही राममिलन मीणा ने रकम स्वीकार की, ACB टीम ने थाना परिसर में कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। सरकारी क्वार्टर में भी मिले 50 हजार रुपए गिरफ्तारी के बाद ACB टीम ने सांभरलेक थाना परिसर स्थित थानाधिकारी के सरकारी क्वार्टर की तलाशी भी ली। तलाशी के दौरान वहां से 50 हजार रुपए मिले। इस रकम के संबंध में ACB अधिकारियों ने राममिलन मीणा से पूछताछ की है। जगतपुरा के मकान पर भी तलाशी, 2 लॉकर मिले ACB की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने जयपुर के जगतपुरा स्थित राममिलन मीणा के मकान पर भी सर्च किया। तलाशी के दौरान टीम को 2 बैंक लॉकर होने की जानकारी मिली है। अब ACB दोनों बैंक लॉकर खुलवाकर उनकी तलाशी लेगी। यह कार्रवाई सोमवार को प्रस्तावित है। लॉकरों और अन्य स्थानों से सामने आने वाली संपत्ति या दस्तावेजों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। ACB के मुताबिक पूरे मामले में रिश्वत की मांग, रकम की बरामदगी और तलाशी के दौरान मिले तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ‘मैं’ तक सीमित नहीं भारतीय चिंतन, ‘हम’ से विश्व परिवार तक पहुंचने का संदेश : हनुमान सिंह राठौड़