कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास हुआ, जहां भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। मृतकों में ट्रैवलर का चालक भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस तथा रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर यात्रियों को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार ट्रैवलर में सवार लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। बताया गया है कि सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे और चार दिन के राजस्थान भ्रमण पर निकले थे। परिवार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे भोपाल से रवाना हुआ था। यात्रा के पहले पड़ाव में खाटूश्यामजी जाना था, लेकिन शनिवार सुबह करीब 6 बजे कोटा के पास हादसा हो गया।

हादसे की सूचना करीब सवा छह बजे पुलिस को मिली। अंधेरा होने के कारण शुरुआती रेस्क्यू में परेशानी आई। दुर्घटना के बाद ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों और रेस्क्यू में शामिल लोगों के मुताबिक, कई यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए थे। ग्रामीणों ने कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एक शव ट्रैवलर के डैशबोर्ड का कांच तोड़ते हुए बाहर आ गया था।

पुलिस अधिकारियों को शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। रेस्क्यू टीम के अनुसार ट्रैवलर के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और आशंका है कि वाहन आगे की तरफ से एक्सप्रेस-वे की पुलिया से टकराने के बाद नीचे गिरा।

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज में लाए गए घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों के सिर में चोटें आई हैं, जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हैं। सीटों के बीच फंसने के कारण कई यात्रियों को गंभीर चोट लगी। कुछ घायलों को अस्पताल पहुंचने पर सीपीआर दी गई और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया।

न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन के अनुसार हादसे में मारे गए लोगों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं। ट्रैवलर चालक की भी मौत हुई है। इनमें सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक घायल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई।

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि ट्रैवलर में अलग-अलग परिवारों के लोग सवार थे। यात्रियों के आपसी रिश्तों और अन्य विवरणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी हैं।

हादसे में घायल यात्रियों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़ और सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े की पहचान सामने आई है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त वाहन से यात्रियों को निकालने का काम किया।

घायलों से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। बिरला के मुताबिक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे समेत अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। इसके लिए कुछ बिंदु चिन्हित किए गए हैं और नवंबर में अंतिम बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading