उदयपुर, 17 अक्टूबर। दुर्गम पहाड़ियां, घना जंगल, करीब 10 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क का अभाव और पुलिस वाहनों के पहुंचने का रास्ता भी नहीं। इन चुनौतियों के बावजूद उदयपुर जिले की ओगणा थाना पुलिस ने लांबी सेमल के बीहड़ जंगलों में दबिश देकर गांजे की अवैध खेती पकड़ी। खेत में मक्का, मिर्ची और घास के बीच छिपाकर उगाए गए सैकड़ों पौधों से कुल 1 क्विंटल 12 किलो 77 ग्राम हरा व गीला गांजा जब्त किया गया। पुलिस को देखकर खेत में फसल काट रहा 55 वर्षीय आरोपी लच्छा गरासिया जंगल की ओर भाग निकला। उसकी तलाश जारी है।

यह कार्रवाई युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के ‘जागृति’ अभियान के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में ओगणा थानाधिकारी रामरूप मीणा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

बांस और झाड़ियों की आड़ में उगाई थी फसल

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को थानाधिकारी रामरूप मीणा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि लांबी सेमल निवासी लच्छा गरासिया ने अपने घर के पास खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं। फसल को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर बांस और पेड़ों की झाड़ियों की बाड़ बनाई गई थी। सूचना में आशंका जताई गई कि कार्रवाई में देरी होने पर आरोपी फसल उखाड़कर ठिकाने लगा सकता है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए जवानों को दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने और वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध नहीं होने से अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिसकर्मी हथियारों और जांच संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ पैदल ही आरोपी के खेत तक पहुंचे।

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तब लच्छा गरासिया खेत में गांजे की कटाई कर रहा था। वर्दी में पुलिसकर्मियों को देखकर वह कटी हुई फसल छोड़कर जंगल और पहाड़ियों की आड़ में भाग गया। इसके बाद पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो मक्का की फसल, मिर्ची के पौधों और घास के बीच गांजे के सैकड़ों पौधे उगे मिले। पौधों की लंबाई करीब एक से पांच फीट तक थी।

15 कट्टों में भरे पौधे, वजन 112 किलो से अधिक

पुलिस ने मौके से गांजे के पौधे एकत्र कर 15 प्लास्टिक कट्टों में भरे। तौल में इनका कुल वजन 1 क्विंटल 12 किलो 77 ग्राम निकला। आरोपी की पहचान लच्छा पुत्र हदा उर्फ अदा गरासिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी लांबी सेमल के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान फलासिया थानाधिकारी वेलाराम कर रहे हैं।

ओगणा पुलिस की टीम में ये जवान शामिल

कार्रवाई थानाधिकारी रामरूप मीणा के नेतृत्व में हुई। टीम में सहायक उप निरीक्षक किशन सिंह और जयवीर, हेड कांस्टेबल गोपाल नंबर 1506, कांस्टेबल मांगीलाल नंबर 3001, रामधन मीणा नंबर 2127, गणपत सिंह नंबर 891, शैतान सिंह नंबर 1494, हेमंत चौबीसा नंबर 3255, महिला कांस्टेबल तनुजा नंबर 2924 और कांस्टेबल सोहन लाल नंबर 3057 शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, इस अभियान में कांस्टेबल रामधन मीणा की विशेष भूमिका रही।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading