— भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्शकुमार सहित अन्य पर कई गंभीर आरोप 24 News Update उदयपुर। उदयपुर शहर में भूपालपुरा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना पुलिस पर युवकों को अवैध रूप से थाने में हिरासत में रखने, बेरहमी से मारपीट करने, कपड़े उतरवाकर टॉयलेट-बाथरूम साफ करवाने, मेडिकल में देरी करने और एक नाबालिग को बालिग बताकर तहसीलदार कोर्ट में पेश करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष, परिजन और अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपकर थानाधिकारी आदर्श कुमार सहित संबंधित पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब अधिवक्ताओं ने दावा किया कि पुलिस ने नाबालिग युवक की उम्र की पुष्टि किए बिना ही उसे 18 वर्षीय दर्शा दिया और किशोर न्याय बोर्ड के बजाय तहसीलदार के समक्ष पेश करने की तैयारी कर ली। बाद में वकीलों के अनुरोध पर आधार कार्ड सामने आने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ और अधिकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। सेवाश्रम चौराहे से शुरू हुआ पूरा घटनाक्रमपीड़ित पक्ष के अनुसार 15 मई, 2026 को सेवाश्रम चौराहे पर मारपीट की एक घटना हुई थी। अधिवक्ता वीरेन्द्रसिंह राठौड़ ने बताया कि घटना के दौरान साहिल मौजूद ही नहीं था। मौके पर उसका भाई और एक नाबालिग युवक मौजूद थे, नाबालिग युवक भी बीच-बचाव कर रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने साहिल व नाबालिग को पकड़ लिया।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 15 मई की शाम करीब 7:30 बजे पुलिसकर्मी विजय सिंह एवं कमलेन्द्र सिंह दुकान पर पहुंचे और पूछताछ के लिए साथ चलने को कहा। पीड़ितों का आरोप है कि जैसे ही पुलिस वाहन सेवाश्रम क्षेत्र से आगे बढ़ा, वाहन के अंदर ही मारपीट शुरू कर दी गई। इसके बाद उन्हें सीधे भूपालपुरा थाने ले जाया गया। कमरे के पर्दे बंद कर बेरहमी से मारपीट का आरोपपीड़ितों ने आरोप लगाया कि थाने में एक कमरे के अंदर ले जाकर दरवाजे बंद किए गए, खिड़कियों पर पर्दे डाल दिए गए और इसके बाद थानाधिकारी आदर्श कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि बाल खींचे गए, कपड़े उतरवाए गए और बाद में हवालात में डाल दिया गया। ज्ञापन के अनुसार कुछ देर बाद दोनों युवकों से थाने की सफाई करवाई गई तथा बाथरूम और टॉयलेट साफ करवाए गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी रात मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई। परिवार को सूचना नहीं दी गई और यह भी नहीं बताया गया कि किस मामले में हिरासत में लिया गया है। वह चिल्लाता रहा कि मैं नाबालिग हूं, लेकिन पुलिस ने नहीं सुनीअधिवक्ता वीरेंद्रसिंह राठौड़ ने कहा कि नाबालिग युवक लगातार पुलिस को अपनी उम्र बता रहा था, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि युवक की उम्र 16 वर्ष 6 माह है और इसके दस्तावेज भी मौजूद हैं। इसके बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट में उसकी उम्र 18 वर्ष लिख दी। अधिवक्ता के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार को युवकों को पकड़ा और शनिवार को शाम करीब 6 बजे दोनों युवकों को एसडीएम कार्यालय में पेश किया। वहां जब वकीलों ने आधार कार्ड मांगा तो नाबालिग होने का खुलासा हुआ। पेशकार ने तत्काल एसडीएम साहब से बात की तथा एसडीएम ने तहसीलदार से संपर्क किया। करीब दो घंटे तक अधिकारी स्तर पर चर्चा चलती रही लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा क्योंकि सबको पता चल चुका था कि नाबालिग को पुलिस बिना किसी जांच के लेकर आई है। तहसीलदार के निजी आवास तक पहुंचे पुलिसकर्मीघटनाक्रम के दौरान पुलिस और परिजन बाद में तहसीलदार गिर्वा जब्बर सिंह चारण के निजी आवास पहुंचे। वहां वयस्क युवक की जमानत प्रक्रिया पूरी की गई। नाबालिग युवक को लेकर स्थिति स्पष्ट होने पर तहसीलदार ने कथित रूप से कहा कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और नाबालिग को उनके समक्ष पेश नहीं किया जा सकता। इसके बाद भूपालपुरा थाना पुलिस ने थाने में ही मुचलका भरवाकर नाबालिग को उसके मामा नरेन्द्रजी के सुपुर्द किया। पूरी प्रक्रिया रात करीब साढ़े दस बजे तक चलती रही। 45 घंटे बाद करवाया मेडिकलपीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर मेडिकल नहीं करवाया ताकि चोटों के निशान और प्रताड़ना सामने न आ सके। लगातार दबाव और विरोध के बाद लगभग 45 घंटे बाद मेडिकल करवाया गया। अधिवक्ताओं ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि हिरासत में मारपीट के आरोपों के बाद तुरंत मेडिकल करवाना आवश्यक था। भाई नहीं मिला तो मुझे उठा लियाज्ञापन में साहिल साहू ने आरोप लगाया कि उसका घटना से कोई लेना-देना नहीं था। घटना के समय वह सेक्टर-14 क्षेत्र में था। उसने आरोप लगाया कि पुलिस उसके भाई की तलाश कर रही थी और भाई नहीं मिलने पर उसे उठा लिया गया। साहिल ने कहा कि उसके साथ भी मारपीट की गई और बिना पर्याप्त आधार के गिरफ्तार कर पाबंद किया गया। झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी का आरोपपीड़ित पक्ष ने पुलिसकर्मी विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने धमकी दी कि यदि किसी प्रकार की शिकायत या कार्रवाई की गई तो झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा और जहां दिखाई दोगे वहां से घसीटकर लाएंगे। बाल कल्याण समिति को भी सौंपा ज्ञापनमामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपा है। अधिवक्ता वीरेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर एसपी कार्यालय में विस्तार से तथ्य रखे गए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। अधिवक्ताओं की टीम रही सक्रियपूरे घटनाक्रम के दौरान अधिवक्ताओं की टीम लगातार सक्रिय रही। इस दौरान अधिवक्ता वीरेन्द्रसिंह राठौड़, पर्वतसिंह झाला, अंतिम चौधरी, निखिल, अक्षिता एवं साक्षी मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, हिरासत रिकॉर्ड जांचने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालमामले के बाद पुलिस की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। नियमानुसार नाबालिग को गिरफ्तार नहीं किया जाता बल्कि डिटेन कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है। ऐसे में बिना दस्तावेज जांचे उम्र दर्ज करना और नाबालिग को तहसीलदार कोर्ट ले जाना गंभीर प्रशासनिक चूक माना जा रहा है। जबकि यह सब बातें पुलिस की आधारभूत कार्यप्रणाली में शामिल है। सूत्रों के अनुसार मामले को शांत कराने और समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन पीड़ित पक्ष और अधिवक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कार्रवाई और न्याय की मांग दोहराई। मीडिया को भी एक बड़े अधिकारी और एक राष्ट्रीय संगठन का नाम बता कर खबर नहीं चलाने की बात भी सामने आई जिसके बाद एक समाचार पत्र में खबर नहीं प्रकाशित होना चर्चा का विषय बना रहा। जबकि उस समाचार पत्र के ओनलाइन संस्करण में खबर प्रकाशित की गई।बताया जा रहा है कि एसपी स्तर पर पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।जब पूरे मामले में भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार से बार बार उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation रिश्वतखोरी में ट्रैप एएसआई सुनील विश्नोई 3 दिन के पीसी रिमांड पर, जज के निवास पर पेशी, घर पर ACB की दबिश, संपत्ति व आय की जांच शुरू गोगुंदा में खातेदारी जमीन पर जबरन रास्ता बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, नाला रोकने, फसल और पेड़ नष्ट करने की शिकायत