— राष्ट्रीय उजाडीकरण विरोध दिवस पर ठेला व्यवसायियों ने भरी हुंकार उदयपुर, 24 नवंबर। शहर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर ठेला एवं फुटपाथ व्यवसायियों को हटाने की नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन ने आवाज बुलंद की। राष्ट्रीय उजाडीकरण विरोध दिवस पर हॉस्पिटल गेट के बाहर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बुलडोजर विकास का नहीं, विनाश का प्रतीक बनता जा रहा है। गरीबों की रोजी-रोटी छीनकर शहर का विकास नहीं किया जा सकता।पूर्व पार्षद एवं ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक राजेश सिंघवी ने कहा कि सरकार, स्थानीय निकाय और प्रशासन विकास के नाम पर बुलडोजर का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इसकी मार उन लोगों पर पड़ती है जिनकी आजीविका छोटे कारोबार पर निर्भर है। उन्होंने नगर निगम से पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय का विनियमन) अधिनियम-2014 की पालना कराने और पथ विक्रेताओं की बेदखली रोकने की मांग की। नेशनल हॉकर्स फेडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद ने आरोप लगाया कि महापौर के निर्देश पर निगम अधिकारी ठेला एवं फुटपाथ व्यवसायियों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे हैं। उनके ठेले, केबिन और सामान जब्त कर उन्हें परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेता शहरवासियों को सस्ता और सुलभ सामान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके योगदान के बजाय उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने मांग की कि पुराने पंजीकरण कार्ड और लाइसेंस का नवीनीकरण किया जाए तथा सर्वे में छूटे सभी पथ विक्रेताओं का दोबारा सर्वे कराकर व्यवसाय प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने विक्रेताओं को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, स्वास्थ्य शिविर लगाने और पेयजल, छाया व शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वेंडिंग और नो-वेंडिंग जोन का निर्धारण कानून के अनुसार तथा पथ विक्रेताओं की राय लेकर किया जाए। केवल चौराहे, पर्यटन स्थल, सौंदर्यीकरण या यातायात का हवाला देकर किसी क्षेत्र को नो-वेंडिंग जोन घोषित नहीं किया जाना चाहिए।निजाम ने प्राकृतिक बाजार, विरासत बाजार, रात्रि बाजार, फूड हब, महिला बाजार और बुक बाजार विकसित करने, शहर का 2.5 प्रतिशत हिस्सा पथ विक्रेताओं के लिए आरक्षित करने तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के बजट का पांच प्रतिशत हिस्सा उनके उत्थान पर खर्च करने की मांग भी रखी। उन्होंने हाथीपोल चौराहे से हटाए गए ठेला व्यवसायियों को फिर से वहीं कारोबार की अनुमति देने और हॉस्पिटल रोड के विक्रेताओं को बेदखल करने के प्रयास रोकने की बात कही। सामान जब्त होने पर उसे छुड़ाने के लिए वसूले जा रहे 6 हजार रुपए के जुर्माने को बंद करने, टाउन वेंडिंग कमेटी को निर्णय लेने का अधिकार देने तथा किसी भी स्थान पर शिफ्टिंग से पहले वेंडिंग जोन में सभी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की मांग की। पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए विक्रेताओं को पर्यावरण मित्र योजना के तहत सम्मानित करने और सुरक्षा किट देने का सुझाव भी दिया।यूनियन की उपाध्यक्ष मोहिनी माली ने कहा कि उजाड़ीकरण की कार्रवाई का सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं को उठाना पड़ता है। ठेला व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं की आजीविका और आत्मसम्मान दोनों दांव पर लग जाते हैं। नगर निगम को महिलाओं के रोजगार और सम्मान के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को समझना होगा कि एक दिन ऐसा भी आएगा, जब डरने वाले लोग डरना बंद कर देंगे।बैठक में राजेश सिंघवी, याकूब मोहम्मद, मोहम्मद निजाम और मोहिनी माली ने पथ विक्रेताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिनियम-2014 को प्रभावी रूप से लागू करने तथा बिना कानूनी प्रक्रिया के किसी भी व्यवसायी को नहीं हटाने की मांग की। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation गुरुनानक जयंती उत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गुरु शैलेश ब्रिजवानी ने दिया सेवा और सिमरन का संदेश एसीबी की कार्रवाई के बाद ऋषभदेव थाने में बड़ा एक्शन, थानाधिकारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित